Big newsIAS/IPSराजनीति

सीएम विष्णुदेव साय का कांग्रेस पर हमला: बोले- फ्यूज बल्ब हो चुके हैं कांग्रेसी, धान खरीदी पर किसानों को मिलेगा 21 क्विंटल तक का पूरा लाभ

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर दौरे के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को फ्यूज बल्ब बताते हुए कहा कि लगातार चुनाव हारने से कांग्रेसी बौखला गए हैं। उनकी बातों में अब कोई वजन नहीं रह गया है। मुख्यमंत्री ने नक्सलवाद के मुद्दे पर भी कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि जिन लोगों ने कभी नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में साहस नहीं दिखाया, उन्हें आज नक्सलवाद खत्म करने वाले जवानों का स्वागत करना चाहिए।

दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सोमवार को जनजातीय गौरव दिवस और विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने बिलासपुर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत की। दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सेंदरी स्थित धान खरीदी केंद्र भी पहुंचे और किसानों से चर्चा कर धान खरीदी व्यवस्था तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी ली।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

कांग्रेस नेता फ्यूज बल्ब की तरह हो गए हैं: सीएम साय

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि लगातार चुनाव हारने के कारण कांग्रेस के नेता बौखलाए हुए हैं। अब उनकी बातों में कोई वजन नहीं रह गया है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं की तुलना फ्यूज बल्ब से करते हुए कहा कि वे फ्यूज बल्ब की तरह हो चुके हैं।

नक्सलवाद के मुद्दे पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जिन लोगों ने कभी नक्सलवाद के खिलाफ लड़ाई में साहस नहीं दिखाया, उन्हें आज इस लड़ाई में सफलता हासिल करने वाले जवानों का स्वागत करना चाहिए।

डबल इंजन सरकार और जवानों के साहस से खत्म हुआ नक्सलवाद

सीएम साय ने कहा कि प्रदेश में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री का आशीर्वाद मिला। सरकार और सुरक्षा बलों के जवानों ने साहस दिखाया, जिसके परिणामस्वरूप नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में बड़ी सफलता मिली।

उन्होंने कहा कि नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की जनता भी नक्सलवाद से ऊब चुकी थी। वहां के लोग विकास की मुख्यधारा से जुड़ना चाहते थे। नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में स्थानीय जनता का भी समर्थन मिला।

15 क्विंटल धान बेचने वाले किसानों को भी मिलेगा 21 क्विंटल तक का लाभ

धान खरीदी को लेकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किसानों के हित में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार ने मोदी की गारंटी के तहत प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीदने का वादा किया है। लेकिन प्रदेश के सभी क्षेत्रों में धान का उत्पादन एक जैसा नहीं होता। कई किसान एक एकड़ में 21 क्विंटल के बजाय 12 या 15 क्विंटल ही धान पैदा कर पाते हैं।

  नगरीय निकायों को महापौर, अध्यक्ष और पार्षद निधि के 104.54 करोड़ जारी

ऐसे किसानों को भी सरकार 21 क्विंटल की निर्धारित सीमा तक अंतर की राशि उपलब्ध कराएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि वास्तविक उत्पादन के बाद बची हुई मात्रा की राशि पात्र किसानों के बैंक खातों में भेजी जाएगी।

15 क्विंटल धान बेचने पर भी मिलेंगे 13,839 रुपए

मुख्यमंत्री ने उदाहरण देते हुए बताया कि यदि कोई किसान एक एकड़ में 15 क्विंटल धान बेचता है, तो शेष 6 क्विंटल की राशि भी उसे मिलेगी। इस तरह 21 क्विंटल की निर्धारित सीमा तक किसानों को कुल 13,839 रुपए की अतिरिक्त सहायता राशि मिल सकेगी।

सीएम साय ने सेंदरी धान खरीदी केंद्र में किसानों से बातचीत के दौरान यह बात कही। उन्होंने कहा कि वे किसान के बेटे हैं और खेती-किसानी से जुड़ी परिस्थितियों को अच्छी तरह समझते हैं। सरकार किसानों के हितों को ध्यान में रखकर फैसले ले रही है।

सरकारी कर्मचारियों के लिए आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ

बिलासपुर दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने जिला कार्यालय में सरकारी कर्मचारियों के लिए आधुनिक कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का भी शुभारंभ किया। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को आधुनिक तकनीक और डिजिटल कार्यप्रणाली का प्रशिक्षण देकर प्रशासनिक कामकाज को अधिक प्रभावी बनाना है।

बिलासपुर को मिली प्रदेश की पहली ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर के पुराने बस स्टैंड स्थित व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में 12.60 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित ऑटोमेटेड मल्टीलेवल कार पार्किंग का लोकार्पण किया। इसे प्रदेश की पहली शटल तकनीक आधारित ऑटोमेटेड कार पार्किंग बताया जा रहा है।

पांच मंजिला इस पार्किंग भवन में एक साथ 80 कारें खड़ी की जा सकेंगी। इसकी खासियत यह है कि वाहन चालक को केवल भूतल पर अपनी कार खड़ी कर बाहर निकलना होगा। इसके बाद एलिवेटर कार को निर्धारित मंजिल तक पहुंचाएगा और शटल रोबोट उसे खाली स्थान पर पार्क कर देगा।

कार वापस लेने के लिए चालक को निर्धारित सिस्टम के जरिए अनुरोध करना होगा, जिसके बाद ऑटोमेटेड सिस्टम कार को खुद निकास द्वार तक पहुंचा देगा। इससे शहर के व्यस्त व्यावसायिक क्षेत्र में पार्किंग की समस्या कम होने और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Live Cricket Info

Related Articles

Back to top button