
कोरबा। बाल दिवस का दिन बच्चों के सम्मान, अधिकार और खुशियों के नाम होता है, लेकिन कोरबा के खरमोरा प्राथमिक शाला से सामने आए एक वीडियो ने शिक्षा व्यवस्था की संवेदनशीलता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में स्कूली बच्चे किताबें उठाकर एक कमरे को खाली करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि यह काम बच्चों से उस समय कराया गया, जब मौके पर बीआरसी भी मौजूद थे और खड़े होकर बच्चों से काम करवाते रहे।
मामला खरमोरा प्राथमिक शाला का बताया जा रहा है। बाल दिवस के दिन स्कूल में बच्चों से किताबें उठवाकर कमरे को खाली कराया गया। सवाल यह है कि स्कूल में मौजूद जिम्मेदार शिक्षकों और अधिकारियों के रहते बच्चों से यह काम क्यों कराया गया ? क्या स्कूल में किताबों और अन्य सामग्री को व्यवस्थित करने के लिए कर्मचारियों की व्यवस्था नहीं थी ?
बीआरसी की मौजूदगी में बच्चों से काम कराने का आरोप
वायरल वीडियो में बच्चे किताबें उठाते नजर आ रहे हैं। आरोप है कि बीआरसी मौके पर मौजूद रहकर बच्चों से यह काम करवाते रहे। यदि वीडियो में दिखाई दे रही घटना की पुष्टि होती है, तो यह बेहद गंभीर मामला है। स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और शिक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उनसे इस तरह का काम कराया जाना कई सवाल खड़े करता है।
बीईओ जितेंद्र कुमार साहू का ड्यूटी आदेश भी चर्चा में
इस मामले के बीच खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, विकासखंड कोरबा का एक आदेश भी सामने आया है। आदेश दिनांक 02 नवंबर 2026 में सात कर्मचारियों की ड्यूटी 14 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक बीआरसी भवन, शहरी खरमोरा में लगाई गई थी। आदेश में प्रशिक्षण की व्यवस्था, कार्य में सहयोग और आवश्यक तैयारियों का उल्लेख है।
बताया जा रहा है कि कर्मचारियों की यह ड्यूटी बीईओ जितेंद्र कुमार साहू द्वारा लगाई गई थी। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब व्यवस्था के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी, तो फिर बच्चों से किताबें उठवाकर कमरा खाली कराने की नौबत क्यों आई ?
बाल दिवस पर ही बच्चों से काम क्यों ?
बाल दिवस के दिन बच्चों के लिए विशेष गतिविधियां और आयोजन होने चाहिए थे। इसके बजाय बच्चों से किताबें उठवाने और कमरा खाली कराने का मामला सामने आना शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है। अब यह देखना होगा कि जिला शिक्षा अधिकारी इस मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं और वायरल वीडियो की जांच कर जिम्मेदारों पर क्या कार्रवाई करते हैं।
फिलहाल वीडियो और आदेश को लेकर शिक्षा विभाग से जवाब की अपेक्षा है। यह भी जरूरी है कि विभाग मौके पर मौजूद बीआरसी, संबंधित स्कूल के शिक्षकों और अन्य जिम्मेदार कर्मचारियों से पूछताछ कर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराए।

Live Cricket Info