छत्तीसगढ़बड़ी ख़बर

2047 के विकसित भारत की कमान युवाओं के हाथों में होगी : मनसुख मांडविया

जगदलपुर में युवा संवाद के दौरान केंद्रीय मंत्री ने युवाओं से किया राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी का आह्वान

जगदलपुर/रायपुर। विकसित भारत का सपना तभी साकार होगा, जब देश का युवा अपनी ऊर्जा, प्रतिभा और नवाचार को राष्ट्र निर्माण में लगाएगा। वर्ष 2047 में जब भारत अपनी स्वतंत्रता की 100वीं वर्षगांठ मनाएगा, तब देश की बागडोर आज की युवा पीढ़ी के हाथों में होगी। यह बात केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने जगदलपुर में आयोजित युवा संवाद कार्यक्रम में कही।

कुम्हरावण्ड स्थित शासकीय कृषि महाविद्यालय के सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री ने युवाओं से सीधे संवाद किया। उन्होंने लोकतंत्र, रोजगार, नवाचार और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर चर्चा करते हुए कहा कि युवाओं को राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

माय भारत प्लेटफॉर्म से युवाओं को मिलेंगे नए अवसर

डॉ. मांडविया ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया माय भारत डिजिटल प्लेटफॉर्म युवाओं के लिए नवाचार, मार्गदर्शन, स्वयंसेवा और करियर के नए अवसर उपलब्ध कराने का माध्यम बन रहा है। इस प्लेटफॉर्म के जरिए देशभर में एक लाख युवा नेतृत्वकर्ता तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। ये युवा भविष्य में नीति निर्माण और जनसेवा में प्रभावी भूमिका निभा सकेंगे।

उन्होंने युवाओं से प्रधानमंत्री के पंच प्रण को जीवन में अपनाने की अपील की। इनमें विकसित भारत का संकल्प, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति, अपनी विरासत पर गर्व, एकता एवं एकजुटता और नागरिक कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन शामिल है। उन्होंने कहा कि युवा शिक्षा, प्रशासन, उद्यमिता या किसी भी क्षेत्र में आगे बढ़ें, लेकिन राष्ट्रहित हमेशा सर्वोपरि रहना चाहिए।

  CG BREAKING:नगर पंचायत नवागढ़ में बड़े नहर में डूबने से एक युवक की दर्दनाक मौत, पुलिस जांच में जुटी

मतदाता सूची और लोकतंत्र पर भी हुई चर्चा

संवाद के दौरान केंद्रीय मंत्री ने छात्र प्रांजल से मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया पर चर्चा की। उन्होंने लोकतंत्र की मजबूती के लिए पारदर्शी और त्रुटिरहित मतदाता सूची के साथ निष्पक्ष मतदान को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी बढ़ाने के लिए देश के शैक्षणिक संस्थानों में युवा संवाद कार्यक्रमों की श्रृंखला जारी रहेगी।

चित्रकोट जलप्रपात और बस्तर के पर्यटन की सराहना

डॉ. मांडविया ने बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता की प्रशंसा करते हुए विश्व प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात का उल्लेख किया। उन्होंने क्षेत्र में पर्यटन विकास की व्यापक संभावनाओं की सराहना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे छत्तीसगढ़ के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि बस्तर के युवा लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने उपस्थित युवाओं को राष्ट्र सेवा की शपथ भी दिलाई।

इस अवसर पर बस्तर सांसद महेश कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण देव सिंह सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और विभिन्न महाविद्यालयों के बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button