🚨 क्राइम न्यूज़अजब-गजबअपराधकोरबाछत्तीसगढ़बड़ी ख़बर

शोरूम की छत तोड़कर नई बाइक उड़ाई, बाजार से भी पार की मोटरसाइकिल ! उरगा पुलिस ने अंतरजिला चोरियों का किया खुलासा

कोरबा और सक्ती में फैला था चोरी का नेटवर्क, 3 आरोपी गिरफ्तार और एक नाबालिग निरुद्ध ; चार मोटरसाइकिलें बरामद

कोरबा। कहीं शोरूम की छत तोड़कर नई मोटरसाइकिल चोरी की गई, तो कहीं बाजार में खड़ी बाइक को पलक झपकते ही पार कर दिया गया। कोरबा जिले की उरगा पुलिस ने वाहन चोरी के दो अलग-अलग मामलों की जांच करते हुए ऐसी वारदातों का खुलासा किया है, जिनके तार सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र तक जुड़े मिले। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को निरुद्ध किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर कुल चार चोरी की मोटरसाइकिलें और एक बाइक का साइलेंसर बरामद किया गया है।

Advertisement Carousel
R.O. No. : 13952/ 36

पुलिस के मुताबिक, बरामद चार मोटरसाइकिलों में दो कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र और दो सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई थीं। कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर की गई।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

शोरूम बंद हुआ, चोरों ने छत और दरवाजे का ताला तोड़ा

पहला मामला ग्राम तुमान स्थित शांति हीरो होंडा एजेंसी का है। एजेंसी संचालक जितेन्द्र कुमार टण्डन की रिपोर्ट के अनुसार, 10 अक्टूबर 2026 की शाम दुकान बंद कर घर जाने के बाद अज्ञात चोरों ने शोरूम की टीन की छत और पीछे के दरवाजे का ताला तोड़ दिया। इसके बाद एक बिना नंबर की नई एचएफ डीलक्स प्रो मोटरसाइकिल और एक्साइड कंपनी की 15 बैटरियां चोरी कर ली गईं।

इस मामले में थाना उरगा में अपराध क्रमांक 581/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4), 305(ए) और 3(5) में अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक बिना नंबर की मोटरसाइकिल लेकर घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने बरपाली के भट्ठी रोड पर घेराबंदी कर शुभम कुमार कंवर और विनय कुमार कंवर को पकड़ा।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में दोनों ने शोरूम से मोटरसाइकिल और बैटरियां चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बाइक का साइलेंसर निकालकर घर में छिपा दिया था। वहीं, चोरी की गई बैटरियों को पकड़े जाने के डर से हसदेव नदी के गहरे पानी में फेंकने की जानकारी दी। पुलिस ने मोटरसाइकिल और उसका साइलेंसर बरामद कर जब्त किया।

  डोकरमना सचिव शिव रतन को हटाने अब रामपुर विधायक ने भी लिखा पत्र

भैसमा बाजार में खड़ी स्प्लेंडर भी नहीं बची

दूसरा मामला भैसमा चौक के पास से मोटरसाइकिल चोरी का है। शिकायत के मुताबिक, 25 अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 12 AT 9778 सड़क किनारे खड़ी की गई थी। लगभग एक घंटे बाद लौटने पर बाइक गायब मिली। इस मामले में थाना उरगा में अपराध क्रमांक 596/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) और 3(5) में प्रकरण दर्ज किया गया।

जांच के दौरान पुलिस को सागौन बाड़ी, भैसमा के पास दो संदेहियों के चोरी की मोटरसाइकिल के साथ जाने की सूचना मिली। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महेन्द्र चौहान और एक विधि से संघर्षरत बालक को पकड़ा। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में भैसमा बाजार से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात सामने आई।

सक्ती जिले की चोरी से भी जुड़े तार

दोनों मामलों की जांच के दौरान आरोपियों से सक्ती जिले के नगरदा थाना क्षेत्र से चोरी की गई एक-एक अतिरिक्त मोटरसाइकिल के बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने इन दोनों मोटरसाइकिलों को भी बरामद किया। इस तरह उरगा पुलिस की कार्रवाई में कोरबा और सक्ती जिले से चोरी की गई कुल चार मोटरसाइकिलें जब्त की गईं।

तीन आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश

पुलिस ने पहले मामले में शुभम कुमार कंवर (18 वर्ष), निवासी ठरकपुर पुरैना, थाना उरगा, और विनय कुमार कंवर (19 वर्ष), निवासी पुराना रिस्दा, बालको, स्थायी पता पचपेड़ी, थाना उरगा को गिरफ्तार किया। दूसरे मामले में महेन्द्र चौहान (18 वर्ष 4 माह), निवासी नगरदा, जिला सक्ती को गिरफ्तार किया गया। एक विधि से संघर्षरत बालक को भी निरुद्ध किया गया है।

तीनों आरोपियों को 27 अक्टूबर 2026 को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जबकि बालक को किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया गया। पुलिस ने नियमानुसार आगे की कार्रवाई की है।

प्रखरभूमि | क्राइम न्यूज़

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button