विष्णु भैया बोले- युवा शक्ति ही विकसित छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत, सेवा से लेकर स्टार्टअप तक युवाओं के लिए बढ़ रहे अवसर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं को सेवा, नेतृत्व, रोजगार और आधुनिक तकनीक से जोड़ने पर सरकार का फोकस लगातार बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि युवा शक्ति विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, नवाचार और सेवा भावना को सही दिशा देकर समाज और राष्ट्र में बड़े बदलाव लाए जा सकते हैं।
Ro No. 13952/35

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गुरुवार को रायपुर के पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में आयोजित राष्ट्रीय सेवा योजना के राज्य स्तरीय स्थापना दिवस एवं सम्मान समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले एनएसएस स्वयंसेवकों को सम्मानित किया। कार्यक्रम का आयोजन उच्च शिक्षा विभाग के राष्ट्रीय सेवा योजना प्रकोष्ठ द्वारा किया गया था। 1
सेवा और अनुशासन से तैयार हो रहे जिम्मेदार युवा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना युवाओं में सेवा, अनुशासन, नेतृत्व, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण की भावना विकसित करने का प्रभावी माध्यम है। एनएसएस से जुड़ा युवा समाज की समस्याओं को समझने, जिम्मेदारी लेने और समाधान के लिए आगे आने की सीख प्राप्त करता है।

उन्होंने कहा कि समाज सेवा का कोई भी प्रयास छोटा नहीं होता। स्वच्छता, रक्तदान, वृक्षारोपण, जल संरक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता और नशामुक्ति जैसे अभियानों में युवाओं की भागीदारी बड़े सामाजिक बदलाव का आधार बन सकती है।
‘सेवा संकल्प अभियान’ में युवाओं से सक्रिय भागीदारी की अपील
मुख्यमंत्री ने एनएसएस स्वयंसेवकों से प्रदेश में चल रहे ‘सेवा संकल्प अभियान’ में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपने महाविद्यालय और विश्वविद्यालय परिसरों के साथ-साथ गांवों, बस्तियों और शहरों में भी लोगों को सेवा गतिविधियों से जोड़ सकते हैं।
रोजगार और भर्ती को लेकर युवाओं का भरोसा मजबूत करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं की आकांक्षाओं के अनुरूप शिक्षा, शासकीय सेवा, रोजगार, उद्यमिता, खेल और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में अवसर बढ़ा रही है। भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और अनुचित साधनों को रोकने के लिए व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के अनुसार पुलिस विभाग में लगभग 7 हजार युवाओं की भर्ती की गई है। व्याख्याता, शिक्षक और सहायक शिक्षक के पदों पर भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। बिजली कंपनियों में भी 1,235 पदों पर भर्ती प्रक्रिया का उल्लेख किया गया। उच्च शिक्षा क्षेत्र में 430 लैब अटेंडेंट को नियुक्ति पत्र दिए जाने की जानकारी भी मुख्यमंत्री ने दी।
नई औद्योगिक नीति से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि नई औद्योगिक विकास नीति 2024-30 में निवेश के साथ रोजगार सृजन को प्राथमिकता दी गई है। उनके अनुसार पिछले डेढ़ वर्षों में छत्तीसगढ़ को 8.25 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। नीति में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने वाले उद्यमों के लिए विशेष प्रोत्साहन का प्रावधान किया गया है।
5 हजार स्टार्टअप का लक्ष्य, नौकरी लेने के साथ देने की भी तैयारी
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नौकरी की तलाश तक सीमित नहीं रहने और उद्यमिता की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि नवाचार एवं स्टार्टअप प्रोत्साहन नीति 2025-30 के तहत वर्ष 2030 तक प्रदेश में 5 हजार स्टार्टअप को प्रोत्साहित करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री स्टार्टअप एवं निपुण मिशन के माध्यम से युवाओं को कौशल, उद्यमिता और नई तकनीकों से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है।
6 लाख विद्यार्थियों को AI प्रशिक्षण देने की तैयारी
तकनीकी बदलावों का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले समय में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका शिक्षा, उद्योग, स्वास्थ्य, कृषि और प्रशासन सहित अनेक क्षेत्रों में बढ़ेगी। इसी दिशा में मुख्यमंत्री एआई मिशन के लिए 500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके तहत प्रदेश के 6 लाख विद्यार्थियों को AI प्रशिक्षण देने का लक्ष्य बताया गया।
नालंदा परिसरों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को मिलेगा सहारा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं को बेहतर अध्ययन वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में नालंदा परिसरों का निर्माण किया जा रहा है। उनका कहना था कि आर्थिक और भौगोलिक परिस्थितियां किसी प्रतिभाशाली युवा के सपनों में बाधा न बनें, इसके लिए संसाधन उपलब्ध कराने पर सरकार का ध्यान है।
खेल प्रतिभाओं के लिए भी बढ़ रहे अवसर
मुख्यमंत्री ने शिक्षा और रोजगार के साथ खेल क्षेत्र में युवाओं के अवसरों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रदेश के 156 उत्कृष्ट खिलाड़ियों के लिए शासकीय नौकरी का रास्ता साफ किया गया है। सरकार का उद्देश्य खेल प्रतिभाओं को सम्मान और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।
विकसित छत्तीसगढ़ में युवाओं की निर्णायक भूमिका
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य युवाओं की सक्रिय भागीदारी के बिना पूरा नहीं हो सकता। छत्तीसगढ़ के युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा, परिश्रम, नवाचार और सेवा भावना प्रदेश को विकास की नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
कार्यक्रम में उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंकराम वर्मा ने भी एनएसएस को युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने वाला महत्वपूर्ण मंच बताया। समारोह में उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी, विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालयों के प्रतिनिधि, कार्यक्रम अधिकारी और बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

Live Cricket Info