“एक राखी पेड़ के नाम” : लेमरू वन परिक्षेत्र में वृक्षों के संरक्षण का अनूठा संदेश

कोरबा, 25 अगस्त 2026।
कोरबा जिले के लेमरू वन परिक्षेत्र में रक्षा सप्ताह के अंतर्गत “एक राखी पेड़ के नाम” अभियान के माध्यम से प्रकृति संरक्षण का प्रेरणादायी संदेश दिया जा रहा है। 22 से 28 अगस्त तक आयोजित इस विशेष जन-जागरूकता अभियान में ग्रामीणों, वन प्रबंधन समितियों और वन विभाग की सक्रिय सहभागिता से वृक्षों, वनों एवं वन्यप्राणियों के संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया जा रहा है।
रक्षा सप्ताह के प्रथम दिवस 22 अगस्त को संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण एवं चयनित वृक्षों का चिन्हांकन किया गया। इसके बाद ग्रामीणों और वन विभाग के कर्मचारियों ने मिलकर चयनित वृक्षों के आसपास स्वच्छता अभियान चलाया। घास-फूस, अनावश्यक झाड़ियों और कचरे की सफाई कर वृक्षों के आसपास का वातावरण व्यवस्थित एवं सुरक्षित बनाया गया।
आज से अभियान के प्रमुख कार्यक्रम “एक राखी पेड़ के नाम” की शुरुआत की गई, जिसमें चयनित वृक्षों को प्रतीकात्मक रूप से राखी बांधी गई। इस भावनात्मक पहल के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि जिस प्रकार भाई-बहन एक-दूसरे की रक्षा का संकल्प लेते हैं, उसी प्रकार वृक्ष मानव जीवन, पर्यावरण और जैव विविधता की रक्षा करते हैं। इसलिए उनका संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान वन प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने वन एवं वन्यप्राणियों की सुरक्षा, अवैध कटाई रोकने और हरित पर्यावरण को संरक्षित रखने का संकल्प लिया। ग्रामीणों को वन विभाग के साथ मिलकर वनों की रक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए भी प्रेरित किया गया।
वन विभाग ने कहा कि स्थानीय समुदाय की भागीदारी के बिना वन संरक्षण को प्रभावी नहीं बनाया जा सकता। इसी उद्देश्य से रक्षा सप्ताह के दौरान जनभागीदारी आधारित गतिविधियों को प्राथमिकता दी जा रही है, ताकि समाज में वृक्षों के प्रति सम्मान और संरक्षण की भावना और अधिक मजबूत हो सके।
“एक राखी पेड़ के नाम” केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और हरित भविष्य सुनिश्चित करने का सामूहिक संकल्प है।

Live Cricket Info