हॉर्स शो से महिला बैंड और डॉग स्क्वाड तक : रायपुर में Independence Day समारोह के ये नजारे रहे खास

 

Advertisement Carousel

 

रायपुर। राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित 80वें स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में इस बार परेड के साथ कई रोमांचक प्रस्तुतियों ने भी लोगों का ध्यान खींचा। घुड़सवार दल के साहसिक करतब, प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड की शानदार धुनें और छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रशिक्षित श्वान दल के प्रदर्शन ने समारोह में मौजूद लोगों को रोमांचित कर दिया।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

घोड़ों की रफ्तार और साहस ने जीता दिल

स्वतंत्रता दिवस समारोह में तीसरी वाहिनी अमलेश्वर के घुड़सवार दल ने हॉर्स शो के दौरान फ्लैग मार्च, टेंट पैगिंग, नेजाबंदी शो, शो जंपिंग और गैलप राउंड जैसी प्रस्तुतियां दीं। घोड़ों और उनके सवारों के तालमेल ने मैदान में मौजूद दर्शकों को खासा प्रभावित किया।

आरक्षक धनेश्वर कंवर ने अश्व आदित्री पर फ्लैग मार्च किया, जबकि अजय कुमार यादव ने अश्व आभा पर स्टैंडिंग सैल्यूट प्रस्तुत किया। टेंट पैगिंग में रुद्र, अश्वस्थामा, प्रिंसेस सारा और शक्ति ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं युवराज, अवनि, कावेरी, जूही और ओजस ने शो जंपिंग में अपनी क्षमता दिखाई। प्रदर्शन के बाद दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से घुड़सवार दल का उत्साह बढ़ाया।

35 सदस्यीय महिला बैगपाइपर बैंड ने बांधा समां

समारोह में प्रदेश के पहले महिला बैगपाइपर बैंड की प्रस्तुति भी आकर्षण का बड़ा केंद्र रही। आरक्षक सोनबती ठाकुर के नेतृत्व में 20वीं भारत रक्षित वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल के 35 सदस्यीय दल ने अलग-अलग धुनों की प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

क्विक मार्च के दौरान इंडिया गेट, केसरिया बाना, हार्श मेन, शांति सेना और पुलकित हिमालय जैसी धुनें बजाई गईं। इसके बाद स्लो मार्च में नवरंगी और तर्शपे रील के साथ ड्रम कॉल की प्रस्तुति दी गई। सेरेमोनियल मेस बैंड, बेस, टेनर, साइड ड्रम और बैगपाइपर जैसे वाद्ययंत्रों के तालमेल ने माहौल को खास बना दिया।

महिला बैंड ने राष्ट्रीय स्तर पर भी बनाई पहचान

इस महिला बैगपाइपर बैंड ने वर्ष 2022 में हरियाणा के पंचकुला स्थित ITBP के BTC मानु में छह महीने का प्रशिक्षण लिया था। वर्ष 2024 में दीमापुर, नागालैंड में आयोजित 25वीं अखिल भारतीय पुलिस बैंड प्रतियोगिता में दल ने तीसरा स्थान हासिल किया।

  रायपुर के मास्टर प्लान को लेकर मूणत ने सदन में उठाए सवाल, ओपी ने दिया जवाब

हैदराबाद में आयोजित 26वीं अखिल भारतीय पुलिस पाइप बैंड प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए दल को गोल्ड मेडल भी मिला। इसी प्रतियोगिता में सोनबती ठाकुर को बेस्ट कंडक्टर और प्लाटून में ऑल राउंडर द बेस्ट का खिताब मिला था।

डॉग स्क्वाड के करतब देखकर रोमांचित हुए दर्शक

समारोह में छत्तीसगढ़ पुलिस के प्रशिक्षित डॉग स्क्वाड ने भी अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया। स्क्वाड प्रभारी राज कपूर के नेतृत्व में श्वानों ने सात अलग-अलग विधाओं में हैंडलर्स के निर्देशों का पालन करते हुए अपनी क्षमता दिखाई।

पुलिस डॉग मैक्स ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इसके बाद प्रशिक्षित श्वानों ने कमल के फूल की आकृति में खुद को व्यवस्थित कर दर्शकों से खूब तालियां बटोरीं। गोल रिंग में सिट, डाउन, रेस्ट, स्लीप, रोल और अप जैसे निर्देशों का प्रदर्शन भी किया गया।

जलती आग के बीच से लगाई छलांग

डॉग स्क्वाड के प्रदर्शन का सबसे रोमांचक हिस्सा उस समय देखने को मिला, जब दुलार, मेरी और शिवा नाम के श्वानों ने गोल रिंग में जलती आग के बीच से छलांग लगाई। इस साहसिक प्रदर्शन ने पुलिस परेड ग्राउंड में मौजूद लोगों को रोमांचित कर दिया।

जमीन में दबे विस्फोटक और नशीले पदार्थ खोजे

डॉग स्क्वाड ने सिर्फ मनोरंजन ही नहीं किया, बल्कि पुलिसिंग में प्रशिक्षित श्वानों की उपयोगिता का व्यावहारिक प्रदर्शन भी किया। प्रशिक्षित श्वानों ने जमीन में दबे विस्फोटक पदार्थों और नारकोटिक सामग्रियों को सूंघकर खोजने की अपनी क्षमता दिखाई।

इसके अलावा कई गंधों के मिश्रण के बीच निर्धारित गंध की पहचान करने और रूमाल सूंघकर संबंधित व्यक्ति को पहचानने का प्रदर्शन भी किया गया।

परेड के साथ दिखी पुलिस की अलग-अलग क्षमताएं

स्वतंत्रता दिवस समारोह में घुड़सवार दल, महिला बैगपाइपर बैंड और डॉग स्क्वाड की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को खास बना दिया। एक तरफ घुड़सवारों ने साहस और नियंत्रण का प्रदर्शन किया, वहीं महिला बैंड ने संगीत के जरिए दर्शकों को जोड़ा और प्रशिक्षित श्वान दल ने पुलिसिंग में तकनीक व प्रशिक्षण की उपयोगिता को सामने रखा।

 

Live Cricket Info

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*


This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.