SOCIAL DEVELOPMENT : रौतिया समाज को एक करोड़ की सौगात, भवन-अखरा का लोकार्पण; मंच और बाउंड्रीवॉल भी बनेगी

जशपुर / रायपुर। रौतिया समाज की सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूती देने की दिशा में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बड़ी सौगात दी है। जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत कंडोरा में आयोजित सोहराई करमा महोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने एक करोड़ रुपये की लागत से निर्मित अखिल भारतीय रौतिया समाज भवन एवं अखरा विकास कार्यों का लोकार्पण किया। साथ ही समाज की मांग पर सामाजिक भवन परिसर में स्थायी मंच और बाउंड्रीवॉल निर्माण की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनजातीय संस्कृति, लोकपरंपराएं और सामाजिक एकजुटता प्रदेश की सबसे बड़ी धरोहर हैं। रौतिया समाज ने अपनी विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान, रीति-रिवाजों और परंपराओं को पीढ़ी-दर-पीढ़ी सहेजकर रखा है। सरकार समाज की गौरवशाली विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के साथ सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक विकास के लिए निरंतर प्रयास कर रही है।
करमा नृत्य और गजमाला से मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत
सोहराई करमा महोत्सव में मुख्यमंत्री के पहुंचने पर रौतिया समाज के लोगों ने पारंपरिक करमा नृत्य, तिलक-चंदन और गजमाला से उनका आत्मीय स्वागत किया। पारंपरिक वेशभूषा में सजे कलाकारों की प्रस्तुतियों ने महोत्सव को लोकसंस्कृति के रंगों से सराबोर कर दिया। मुख्यमंत्री ने समाज भवन के लोकार्पण और महोत्सव के आयोजन पर समाज के सभी लोगों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे निर्मित यह भव्य सामाजिक भवन समाज की एकता, संगठन और रचनात्मक गतिविधियों का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा। यहां सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों, संस्कारों तथा गौरवशाली परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
शिक्षा पर जोर और सांस्कृतिक विरासत आगे बढ़ाने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि रौतिया समाज ने अपनी सांस्कृतिक पहचान को जीवंत रखते हुए सनातन संस्कृति और सामाजिक मूल्यों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। समाज की एकजुटता और परंपराओं के प्रति समर्पण अनुकरणीय है। उन्होंने समाज के लोगों से शिक्षा पर विशेष ध्यान देने और नई पीढ़ी को आधुनिक अवसरों से जोड़ते हुए अपनी सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
तीन वर्षों में जनकल्याण और विकास के संकल्पों को साकार किया
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि आगामी 13 दिसंबर को राज्य सरकार के तीन वर्ष पूरे होने जा रहे हैं। इन वर्षों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को पूरा करने और प्रदेश के प्रत्येक वर्ग के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए निरंतर कार्य किया गया है।
उन्होंने बताया कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण के लिए संचालित महतारी वंदन योजना के अंतर्गत अब तक 33 किश्तों में 21 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की जा चुकी है। यह सहायता महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और परिवार की जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
किसानों के लिए 360 नए धान खरीदी केंद्र
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की सुविधा के लिए प्रदेश में 360 नए धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ किए गए हैं, ताकि किसानों को धान बेचने में परेशानी न हो। खरीदी केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी की व्यवस्था है और खरीदी के अंतर की राशि भी किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी। सरकार का उद्देश्य अन्नदाताओं को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाना और खेती-किसानी को अधिक लाभकारी बनाना है।
तीर्थ दर्शन से लेकर डिजिटल सेवाओं तक पहुंच रही सरकार
मुख्यमंत्री ने बताया कि रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 55 हजार से अधिक श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में दर्शन का अवसर मिला है, जबकि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के तहत 10 हजार से अधिक बुजुर्ग तीर्थयात्रा का लाभ प्राप्त कर चुके हैं। नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076 शुरू किया गया है, जिससे 8 हजार से अधिक अधिकारी जुड़े हुए हैं।
उन्होंने कहा कि सेवा सेतु के माध्यम से 900 से अधिक सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। प्रत्येक ग्राम पंचायत को अटल डिजिटल सेवा केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य हो रहा है और अब तक प्रदेश के 6 हजार गांवों में अटल डिजिटल सेवा केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। इससे ग्रामीणों को सरकारी सेवाओं का लाभ गांव के समीप ही मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वच्छ, पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सुशासन एवं अभिसरण विभाग का गठन किया गया है। सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सरलता और समयबद्ध तरीके से पहुंचे।
समाज के प्रतिनिधियों ने जताया आभार
कार्यक्रम में अखिल भारतीय रौतिया समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओ.पी. साय ने समाज भवन एवं अखरा विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से समाज को महत्वपूर्ण सौगात मिली है, जिससे संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूती मिलने के साथ सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाई मिलेगी।
समाज के कोषाध्यक्ष विद्याचरण सिंह ने कहा कि नवनिर्मित भवन सामाजिक एकता और भावी पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। संयोगिता सिंह ने जशपुर राजपरिवार और रौतिया समाज के ऐतिहासिक संबंधों का उल्लेख किया, जबकि विश्वनाथ सिंह ने रौतिया समाज की परंपराओं को जशपुर की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष ओ.पी. साय, जिला अध्यक्ष रंजीत सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, जिला पंचायत उपाध्यक्ष शौर्य प्रताप सिंह, संयोगिता सिंह, विश्वनाथ सिंह सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

Live Cricket Info
