Janjgir News:– कांग्रेस बताए— अन्नदाता किसान के साथ है या आरोपी विधायक के साथ? 42 लाख की ठगी पर अदालत का आदेश, फिर भी राजनीति क्यों?



Janjgir News: भाजपा कार्यालय जांजगीर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने कांग्रेस पार्टी और उसके शीर्ष नेतृत्व पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का अपराधियों को संरक्षण देने का पुराना चेहरा एक बार फिर जनता के सामने आ गया है। धोखाधड़ी के आरोपी कांग्रेस विधायक बालेश्वर साहू के समर्थन में खड़े होकर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत यह स्पष्ट करें कि वे किसानों के साथ हैं या अपराधियों के साथ।

जांजगीर।
पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए नारायण चंदेल ने कहा कि पीड़ित किसान से 42 लाख 78 हजार रुपये की कथित ठगी के मामले में न्यायालय ने पुख्ता साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को जेल भेजा है, इसके बावजूद कांग्रेस खुले तौर पर उसके समर्थन में खड़ी है। भाजपा इस शर्मनाक रवैये का पुरजोर विरोध करती है। यह कांग्रेस की किसान-विरोधी मानसिकता का प्रमाण है।

उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस हमेशा अपराधियों का साथ देती रही है और किसानों की हितैषी होने का ढोंग करती है। भूपेश बघेल और चरणदास महंत द्वारा पीड़ित किसान राजकुमार शर्मा के पैसे हड़पने वाले आरोपी के पक्ष में खड़ा होना कांग्रेस की सच्चाई उजागर करता है। भाजपा की मांग है कि विधायक बालेश्वर साहू तत्काल इस्तीफा दें और कांग्रेस पार्टी उन्हें तत्काल निष्कासित करे।

कानूनी प्रक्रिया से जुड़ा पूरा मामला
जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू से जुड़े घटनाक्रम को लेकर हाल के दिनों में भ्रम फैलाने की कोशिशें की जा रही हैं। इस पर स्थिति स्पष्ट करते हुए चंदेल ने कहा कि यह पूरा मामला कानून, जांच और न्यायालय की प्रक्रिया से जुड़ा है, न कि किसी राजनीतिक दबाव से। बालेश्वर साहू के खिलाफ अलग-अलग समय पर तीन आपराधिक प्रकरण दर्ज किए गए हैं और वर्तमान में उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 467, 468, 471 एवं 34 के तहत आरोप हैं।

इस आर्थिक भ्रष्टाचार के मामले में सह-आरोपी गौतम राठौर को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। विधायक बालेश्वर साहू ने उच्च न्यायालय में याचिका दायर की थी, जिस पर माननीय न्यायालय ने जांच पूर्ण होने तक गिरफ्तारी न करने के निर्देश दिए थे, साथ ही निष्पक्ष जांच जारी रखने को कहा था।

न्यायालय के आदेश का सम्मान जरूरी
जांच पूर्ण होने के बाद पुलिस ने कानून के अनुसार नोटिस जारी कर मामला न्यायालय में प्रस्तुत किया। सभी साक्ष्यों और दस्तावेजों के अवलोकन के पश्चात माननीय न्यायालय द्वारा आदेश पारित किया गया, जिसके तहत आरोपी को जेल भेजने की कार्रवाई हुई। नारायण चंदेल ने कहा कि न्यायालय के आदेश का सम्मान करना सभी का कर्तव्य है।

जेल में जाकर समर्थन नियमों का उल्लंघन
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी और उसके नेता जेल जाकर अपने पार्टी के आरोपी विधायक से बड़ी संख्या में मुलाकात कर रहे हैं, जो नियमों का उल्लंघन है और पूरी तरह अनुचित है।

इस पत्रकार वार्ता में जिलाध्यक्ष अंबेश जांगड़े, सरगुजा जिला संगठन प्रभारी कृष्णकांत चन्द्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष सत्यलता मिरी, जिला उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल, जिला प्रवक्ता विकास शर्मा और आईटी सेल संयोजक अनिल शर्मा उपस्थित रहे।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Live Cricket Info

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*


This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.