🔔

प्रखरभूमि न्यूज़

प्रखरभूमि में बेहतरीन खबरों को तुरंत पाने के लिए अभी सब्सक्राइब करें।

📊 12,000+ पाठक पहले ही जुड़ चुके हैं
छत्तीसगढ़बड़ी ख़बर🏙️ राज्य व शहर

प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर ‘आशीर्वाद का दीप’, किसान-मजदूर सम्मान समारोह में 76 प्रतिभाओं का सम्मान

बीरगांव में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा- श्रमिकों और किसानों की मेहनत से बनेगा विकसित छत्तीसगढ़, नगर निगम क्षेत्र में ढाई साल में करीब 175 करोड़ के विकास कार्य

रायपुर, 17 सितंबर 2026। भगवान विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बीरगांव में आयोजित किसान-मजदूर सम्मान समारोह में श्रम, सृजन और जनकल्याण का संदेश देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कार्यक्रम में प्रदेशवासियों से प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाने का आह्वान किया। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 76 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।

Advertisement Carousel

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

बुधवारी बाजार मैदान में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान और श्रमिक विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की मजबूत नींव हैं। किसान के परिश्रम से अन्न के भंडार भरते हैं, जबकि श्रमिकों के श्रम से सड़क, पुल, उद्योग और दूसरी आधारभूत संरचनाएं आकार लेती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की विकास यात्रा में मेहनतकश लोगों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

हर घर में जलाएं ‘आशीर्वाद का दीप’

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर प्रदेशवासियों से शाम को अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीप’ जलाने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपना जीवन जनसेवा, राष्ट्र निर्माण और गरीब कल्याण के लिए समर्पित किया है। उनके जन्मदिन से शुरू हुए सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से सेवा के भाव को जनभागीदारी से आगे बढ़ाने का अवसर है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। इसी दिशा में छत्तीसगढ़ ने भी विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का विजन तैयार किया है, जिसमें गांव और शहर के साथ किसान, श्रमिक, युवा और महिलाओं के लिए विकास के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर है।

भगवान विश्वकर्मा की पूजा कर मांगी प्रदेश की खुशहाली

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने माता परमेश्वरी, भगवान विश्वकर्मा और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, कौशल और निर्माण के प्रतीक हैं। उनकी प्रेरणा श्रम को सम्मान देने और अपने हुनर से समाज के निर्माण में योगदान देने का संदेश देती है।

श्रमिक परिवारों के लिए शिक्षा और स्वरोजगार पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के परिवारों को सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न योजनाएं संचालित कर रही है। श्रमिक परिवारों के प्रतिभावान बच्चों के लिए अटल उत्कृष्ट शिक्षा योजना के तहत निजी आवासीय विद्यालयों में निःशुल्क शिक्षा की व्यवस्था की गई है। योजना के अंतर्गत अब 200 बच्चों को लाभ दिया जा रहा है।

महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए ई-रिक्शा जैसी स्वरोजगार योजनाओं का भी उल्लेख किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य श्रमिक परिवारों को केवल सहायता देना नहीं, बल्कि उन्हें अवसर और संसाधन उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है।

  CG:– ASP–DSP Posting छत्तीसगढ़ के बिलासपुर रेंज के दीवानें हैं पुलिस अफसर तबादला होने पर बदलता है केवल जिला,मलाईदार रेंज को छोड़ना नहीं चाहते ASP–DSP

किसानों की आय और सिंचाई सुविधाओं पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि किसान की समृद्धि से गांव मजबूत होता है और गांव की मजबूती से प्रदेश की अर्थव्यवस्था को गति मिलती है। उन्होंने बताया कि किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जा रहा है। साथ ही सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए विभिन्न परियोजनाओं को स्वीकृति दी गई है।

उन्होंने कहा कि किसानों और श्रमिकों के परिश्रम का सम्मान करना ही भगवान विश्वकर्मा के प्रति सच्ची श्रद्धा है। विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण तभी संभव है, जब अन्नदाता खुशहाल और श्रमिक परिवार सुरक्षित एवं समृद्ध हों।

बीरगांव में ढाई साल में करीब 175 करोड़ के विकास कार्य

मुख्यमंत्री ने बताया कि बीरगांव नगर निगम क्षेत्र में पिछले ढाई वर्षों के दौरान लगभग 175 करोड़ रुपए के विकास कार्य किए गए हैं। सड़क, पेयजल, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था सहित नगरीय अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए अलग-अलग योजनाओं के माध्यम से कार्य किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि विकास की योजनाएं केवल बड़े शहरों तक सीमित नहीं हैं। गांव, कस्बे, छोटे शहर और दूरस्थ क्षेत्र भी सरकार की प्राथमिकता में हैं। मूलभूत सुविधाओं का विस्तार विकसित छत्तीसगढ़ की आधारभूत जरूरत है।

बस्तर में विकास और रोजगार की नई संभावनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर सहित दूरस्थ अंचलों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और संचार सुविधाओं के विस्तार के साथ पर्यटन और वनोपज आधारित अर्थव्यवस्था को भी स्थानीय रोजगार से जोड़ने पर काम किया जा रहा है।

76 प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित

समारोह में सामाजिक, सांस्कृतिक, कला, साहित्य, समाजसेवा, खेल और विज्ञान सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 76 प्रतिभाओं को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने सम्मानित प्रतिभाओं को बधाई देते हुए कहा कि अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले लोग समाज के लिए प्रेरणा का काम करते हैं।

कार्यक्रम को कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा तथा रोजगार एवं अनुसूचित जाति विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, धरसींवा विधायक अनुज शर्मा सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, किसान, श्रमिक और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button