राज्योत्सवछत्तीसगढ़बड़ी ख़बर

नवा रायपुर के आसमान में गूंजा ‘वंदे मातरम्’, सारंग के पांच हेलीकॉप्टरों ने दिखाया अद्भुत शौर्य, गरुड़ कमांडोज और आकाशगंगा स्काईडाइवर्स के साहसिक प्रदर्शन ने दर्शकों को किया रोमांचित

राज्यपाल रमेन डेका ने देखा भारतीय वायु सेना का भव्य एयर-शो

नवा रायपुर : छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस पर नवा रायपुर का आसमान सोमवार को भारतीय वायु सेना के शौर्य, साहस और अद्भुत उड़ान कौशल का गवाह बना। सेंध लेक में आयोजित भव्य एयर-शो में सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम के पांच हेलीकॉप्टरों ने ऐसे रोमांचकारी करतब दिखाए कि दर्शक देर तक आसमान की ओर नजरें टिकाए रहे। तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज ने पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। राज्यपाल रमेन डेका भी इस ऐतिहासिक प्रदर्शन के साक्षी बने।

भारतीय वायु सेना की आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम ने अपने साहसिक प्रदर्शन से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। पांच हेलीकॉप्टरों की सटीक फॉर्मेशन, हवा में क्रॉसओवर और चुनौतीपूर्ण करतबों ने एयर-शो को यादगार बना दिया।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

राज्यपाल ने कहा – युवाओं के लिए प्रेरणादायी है प्रदर्शन

राज्यपाल रमेन डेका ने भारतीय वायु सेना के जवानों के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रतिष्ठित सारंग टीम का आयोजन प्रदेशवासियों के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। उन्होंने कहा कि वायु वीरों ने जिस साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय के साथ अपना कौशल दिखाया, वह विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। यह केवल हवाई करतब नहीं, बल्कि कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का परिचय है।

आकाशगंगा के स्काईडाइवर्स ने आसमान से लगाई छलांग

एयर-शो की शुरुआत आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के रोमांचकारी प्रदर्शन से हुई। टीम के जवानों ने ऊंचाई से छलांग लगाकर पैराशूट को नियंत्रित किया और निर्धारित स्थान पर सटीक लैंडिंग की। उनके संतुलन, साहस और एकाग्रता को देखकर दर्शकों ने तालियों से उत्साहवर्धन किया।

गरुड़ कमांडोज ने दिखाया रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का कौशल

इसके बाद भारतीय वायु सेना के गरुड़ कमांडोज ने विशेष ऑपरेशन की दक्षता का प्रदर्शन किया। जवानों ने पैराशूट लैंडिंग के साथ एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग का प्रदर्शन किया। हवा में स्थिर हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर कमांडोज ने रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन की कार्यप्रणाली दिखाई। उनकी तेज कार्रवाई और अनुशासित तालमेल ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

  शासकीय शालाओं में 6,812 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की तैयारी शुरू, तीन परीक्षाओं की तिथियां घोषित

पांच हेलीकॉप्टरों के क्रॉसओवर करतब ने थाम दीं सांसें

एयर-शो का सबसे बड़ा आकर्षण ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में सारंग टीम की प्रस्तुति रही। पांच हेलीकॉप्टरों ने एक के बाद एक आकर्षक फॉर्मेशन और हैरतअंगेज हवाई करतब दिखाए। कभी सभी हेलीकॉप्टर एक साथ सटीक फॉर्मेशन में नजर आए, तो कभी अलग-अलग दिशाओं में उड़ान भरने के बाद फिर एक साथ निर्धारित संरचना में लौट आए।

प्रदर्शन के दौरान हेलीकॉप्टरों का बेहद नजदीक से एक-दूसरे को पार करने वाला ‘क्रॉसओवर’ करतब विशेष आकर्षण रहा। इस दौरान पायलटों के असाधारण नियंत्रण, एकाग्रता और आपसी समन्वय की झलक देखने को मिली।

कॉकपिट से गूंजा ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’

राज्य स्थापना दिवस के मौके पर सारंग टीम ने प्रदेशवासियों के प्रति विशेष सम्मान भी जताया। प्रदर्शन के दौरान ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने कॉकपिट से ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ का उद्घोष किया। आसमान से गूंजे इस संदेश ने दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया। पूरा परिसर तालियों और जयघोष से गूंज उठा।

तिरंगे की फॉर्मेशन के साथ हुआ भव्य समापन

एयर-शो के अंतिम चरण में सारंग टीम ने ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के बीच तिरंगे की मनमोहक फॉर्मेशन प्रस्तुत की। हेलीकॉप्टरों का शानदार तालमेल और आसमान में तिरंगे की छटा ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इस प्रस्तुति के साथ एयर-शो का यादगार समापन हुआ।

दुनिया के कई देशों में प्रदर्शन कर चुकी है सारंग टीम

उल्लेखनीय है कि भारतीय वायु सेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम दुनिया की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक प्रदर्शन टीम है। टीम जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, मॉरीशस, रूस और मिस्र सहित कई देशों में अपने 1500 से अधिक हवाई प्रदर्शनों के जरिए भारतीय वायु सेना की क्षमता और कौशल का प्रदर्शन कर चुकी है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद, विधायक, निगम-मंडल के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित इस एयर-शो ने नवा रायपुर के उत्सव को देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव के यादगार रंगों से भर दिया।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button