Korba News:– अफसर पर प्रताड़ना का आरोप लगा नगर सेना के बर्खास्त जवान ने कलेक्ट्रेट में खाया जहर

Korba News:– जिला सेनानी और संभागीय सेनानी पर प्रताड़ना का आरोप लगा नगर सेना के बर्खास्त जवान ने कलेक्ट्रेट में जहर सेवन कर लिया। जवान के पास से सुसाइड नोट भी मिला है जिस पर उसने प्रताड़ना का जिक्र किया है। जवान की स्थिति नाजुक बनी हुई है।

Korba कोरबा। कोरबा के कलेक्ट्रेट में आज गणतंत्र दिवस के दिन नगर सेना के बर्खास्त जवान ने जहर का सेवन कर लिया। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस एवं प्रशासन के अफसर मौके पर पहुंचे। घटना के बाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जवान को भर्ती करवाया गया है, जहां इलाज के दौरान उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। वहीं जवान से सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है जिसमें उसने अफसरों पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं। मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र का है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

नगरसेना में होमगार्ड के पद पर काम करने वाले संतोष पटेल के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्यवाही हुई थी। जिसके बाद वह व्यथित चल रहा था। आज बर्खास्तगी से आहत होकर वह जहर लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा और वहां जहर सेवन कर लिया। जहर सेवन के पश्चात वह बेहोश होकर गिर पड़ा। कलेक्ट्रेट में मौजूद लोगों ने जब जवान के पास जाकर देखा तो उसके पास जहर की बोतल मिली। इसके बाद मौके पर हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर अधिकारी भी कलेक्ट्रेट पहुंचे। जवान को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेजेस अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।

  Bilaspur news:– कोटवार ने बेचा कोटवारी जमीन, नोटिस का जवाब दिया कि कोटवारी जमीन से लगी निजी पैतृक भूमि बेची, जांच के बाद हुआ बर्खास्त

वही मिली जानकारी के अनुसार आत्महत्या का प्रयास करने वाले संतोष पटेल के पास सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें उसने डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट अनुज एक्का और संभागीय कमांडेंट पर प्रताड़ना का आरोप लगाया है। बता दे कुछ दिनों पहले महिला नगर सैनिकों ने भी प्रताड़ना और अशोभनीय व्यवहार का आरोप लगा डिस्ट्रिक्ट कमांडेंट अनुज एक्का के खिलाफ मोर्चा खोला था। वही इससे पहले राजनांदगांव के एक नगर सैनिक ने भी आत्महत्या कर ली थी।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में नगर सैनिक अस्पताल पहुंच गए। पुलिस एवं प्रशासन के अफसर भी मौके पर मौजूद है। पीड़ित का इलाज करने वाले चिकित्सक ने बताया कि फास्फोरस नामक कीटनाशक का जवान ने सेवन किया है जिसके चलते उसकी स्थिति बिगड़ी है। उसका इलाज जारी है। वहीं आत्महत्या का मामला सामने आने के बाद नगर सेना में प्रताड़ना का आरोप एक बार फिर सामने गया है।

Live Cricket Info