🔔

प्रखरभूमि न्यूज़

प्रखरभूमि में बेहतरीन खबरों को तुरंत पाने के लिए अभी सब्सक्राइब करें।

📊 12,000+ पाठक पहले ही जुड़ चुके हैं
कोरबा

शिक्षा ही समाज के उत्थान का मूल आधारः मंझवार समाज

कोरबा 02 मार्च। कोरबा जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र ग्राम पंचायत लेमरू अंतर्गत ग्राम केऊबाहर में मंझवार समाज की एक बैठक संपन्न हुई, जिसने समाज में नई चेतना और नई ऊर्जा का संचार कर दिया। सामाजिक एकता, संगठन की मजबूती, शिक्षा के विस्तार और सर्वांगीण विकास को केंद्र में रखकर आयोजित इस महासभा में वरिष्ठजनों, पदाधिकारियों, युवाओं एवं मातृशक्ति की उल्लेखनीय उपस्थिति रही।

Advertisement Carousel

बैठक का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं समाज के इष्टदेव के स्मरण के साथ किया गया। तत्पश्चात अतिथियों एवं पदाधिकारियों का सम्मानपूर्वक स्वागत कर विचार-विमर्श का सिलसिला प्रारंभ हुआ। विभिन्न क्षेत्रों से आए सामाजिक प्रतिनिधियों ने समाज की वर्तमान परिस्थितियों, चुनौतियों और संभावनाओं पर गंभीर मंथन किया।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

वक्ताओं ने स्पष्ट कहा कि शिक्षा ही समाज के उत्थान का मूल आधार है। विशेष रूप से बालिकाओं की शिक्षा पर बल देते हुए कहा गया कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में बच्चों को आधुनिक एवं तकनीकी शिक्षा से जोडना समय की आवश्यकता है। यह निर्णय लिया गया कि प्रत्येक ग्राम में शिक्षा जागरूकता अभियान चलाकर विद्यालय छोड़ चुके बच्चों को पुनरू विद्यालय से जोड़ा जाएगा। युवाओं को नशामुक्त जीवन अपनाने, कौशल विकास कार्यक्रमों से जुडने और शासकीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया गया।

बैठक में यह बात प्रमुखता से उभरकर सामने आई कि संगठित समाज ही अपने अधिकारों की रक्षा और विकास की दिशा में ठोस कदम उठा सकता है। ग्राम स्तर पर समिति गठन, नियमित बैठकें और पारदर्शी कार्यप्रणाली अपनाने का निर्णय लिया गया। सामाजिक कुरीतियों के उन्मूलन, आपसी विवादों को संवाद से सुलझाने और सामाजिक समरसता बनाए रखने का सामूहिक संकल्प लिया गया।

  भालू के हमले से 50 वर्षीय महिला समेत 14 वर्षीय किशोरी घायल, मेडिकल कॉलेज में इलाज जारी

बैठक में बड़ी संख्या में उपस्थित मातृशक्ति ने महिला शिक्षा, स्वावलंबन और स्वरोजगार के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्पलिया। यह संदेश दिया गया कि जब महिलाएं सशक्त होंगी, तभी समाज सशक्त और आत्मनिर्भर बनेगा।समाज के आर्थिक विकास को लेकर स्वरोजगार, कृषि उन्नयन एवं शासकीय योजनाओं की जानकारी के लिए विशेष शिविर लगाने का प्रस्ताव रखा गया। साथ ही समाज के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को सम्मानित कर उन्हें प्रोत्साहित करने का भी निर्णय लिया गया।

उक्त बैठक में ग्राम लेमरू से कन्हैया लाल, बृजलाल, रमेश कुमार, फूलसिंह, पुरन सिंह, अमर सिंह एवं आनंद राम सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे। युवाओं ने भी बढ़-चढकर भागीदारी निभाई और समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने की प्रतिबद्धता जताई। अंत में सर्वसम्मति से यह संकल्प लिया गया कि मंझवार समाज के सर्वांगीण विकास, शिक्षा के प्रसार, सामाजिक जागरूकता एवं संगठन की मजबूती के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।

Live Cricket Info

Related Articles

Back to top button