सिंगापुर में CM साय का निवेश पर फोकस, उद्योग जगत को दिया छत्तीसगढ़ आने का न्योता

सिंगापुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सिंगापुर दौरे के दूसरे दिन SING FORUM 2026 के मंच से छत्तीसगढ़ को वैश्विक निवेश के नए केंद्र के रूप में पेश किया। उन्होंने सिंगापुर के उद्योग जगत और निवेशकों से संवाद करते हुए प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, प्राकृतिक संसाधनों और तेजी से उभरते निवेश अवसरों की जानकारी दी तथा छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा में भागीदार बनने का आमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान अब केवल खनिज संपदा और पारंपरिक उद्योगों तक सीमित नहीं है। प्रदेश तकनीक, नवाचार और वैश्विक निवेश के क्षेत्र में भी नई संभावनाओं के साथ आगे बढ़ रहा है। सरकार प्राकृतिक संसाधनों और आधुनिक तकनीक के बेहतर समन्वय के जरिए छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख औद्योगिक और निवेश केंद्रों में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है।
सिंगापुर की तकनीक और छत्तीसगढ़ की क्षमता का मेल
मुख्यमंत्री ने कहा कि सिंगापुर ने तकनीकी दक्षता, आधुनिक शहरी विकास और बेहतर अधोसंरचना के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। वहीं छत्तीसगढ़ के पास प्राकृतिक संसाधन, औद्योगिक क्षमता और विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। दोनों पक्षों की विशेषज्ञता और क्षमताओं का बेहतर समन्वय नई आर्थिक साझेदारी का आधार बन सकता है।
साय ने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार उद्योगों के लिए अनुकूल नीतिगत वातावरण तैयार करने के साथ आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका कहना था कि निवेश के लिए छत्तीसगढ़ में उपलब्ध अवसरों को वैश्विक कारोबारी समुदाय तक पहुंचाने पर सरकार लगातार काम कर रही है।
ग्रीन एनर्जी से लॉजिस्टिक्स तक साझेदारी की संभावनाएं
SING FORUM के दौरान टेक्नोलॉजी एवं प्रोफेशनल कैपेबिलिटी सेंटर, लॉजिस्टिक्स, ग्रीन एनर्जी, औद्योगिक अधोसंरचना और शहरी विकास जैसे क्षेत्रों में संभावित सहयोग को लेकर चर्चा हुई। इन क्षेत्रों में सिंगापुर की विशेषज्ञता और छत्तीसगढ़ की जरूरतों के बीच साझेदारी की संभावनाओं पर विचार किया गया।
निवेश के साथ रोजगार और कौशल विकास पर जोर
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़-सिंगापुर साझेदारी का उद्देश्य केवल पूंजी निवेश तक सीमित नहीं होना चाहिए। इसके जरिए प्रदेश के युवाओं के लिए कौशल विकास, रोजगार और आधुनिक तकनीक से जुड़ने के अवसर भी तैयार किए जा सकते हैं। तकनीकी हस्तांतरण से स्थानीय स्तर पर नई क्षमताओं का विकास होगा और औद्योगिक क्षेत्र को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने सिंगापुर के उद्योग जगत को छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा से जुड़ने का आमंत्रण देते हुए कहा कि राज्य सरकार निवेशकों के साथ मिलकर विकास, रोजगार और तकनीकी प्रगति के नए अवसर तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

Live Cricket Info

