छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में न्यायधानी नाइट्स का धमाकेदार आगाज, राजधानी रॉयल्स को 2-1 से दी शिकस्त; महिला मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस ने भी मारी बाजी

रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के उद्घाटन मुकाबले में हॉकी प्रेमियों को रोमांचक टक्कर देखने को मिली। ओलंपियन सुरेंद्र सिंह की न्यायधानी नाइट्स ने ओलंपियन ललित उपाध्याय की राजधानी रॉयल्स को 2-1 से हराकर जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। वहीं महिला प्रदर्शनी मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए महानदी फाल्कन्स को 4-1 से पराजित किया। रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेले गए इन मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार खेल का प्रदर्शन किया।
चिराग और केतन के गोल से न्यायधानी नाइट्स की जीत
न्यायधानी नाइट्स ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। मैच के 12वें मिनट में चिराग ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम को 1-0 की बढ़त दिलाई। दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में केतन कुशवाहा ने शानदार मैदानी गोल दागकर स्कोर 2-0 कर दिया। उन्होंने विपक्षी टीम के रक्षकों को छकाते हुए गेंद गोलपोस्ट तक पहुंचाई।
दूसरी ओर, राजधानी रॉयल्स ने वापसी की कोशिश जारी रखी। कप्तान ललित उपाध्याय ने मिडफील्ड में आक्रामकता बढ़ाई, लेकिन टीम को मिले पेनल्टी कॉर्नर का फायदा नहीं मिल सका। राजधानी रॉयल्स की ओर से रौशन ने एक गोल किया, लेकिन टीम बराबरी हासिल नहीं कर सकी। अंततः न्यायधानी नाइट्स ने 2-1 से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
रक्षापंक्ति ने संभाला मोर्चा, केतन बने प्लेयर ऑफ द मैच
न्यायधानी नाइट्स की जीत में उसकी मजबूत रक्षापंक्ति की अहम भूमिका रही। ओलंपियन सुरेंद्र सिंह ने विपक्षी खिलाड़ियों को डी क्षेत्र में खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया। टीम के रक्षकों ने कई मौकों पर गेंद को खतरे के क्षेत्र से बाहर निकाला।
मैच के दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने गोल करने के प्रयास किए, लेकिन अतिरिक्त गोल नहीं हो सका। पूरे मुकाबले में प्रभावशाली प्रदर्शन करने वाले केतन कुशवाहा को ‘स्ट्राइकर ऑफ द मैच’ और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया।
महिला मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस का दबदबा, आंचल साहू ने दागे दो गोल
महिला प्रदर्शनी मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस ने महानदी फाल्कन्स को 4-1 से हराया। टीम की कप्तान आंचल साहू ने दो गोल दागकर जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया। लीना कोरसे और ममतेश्वरी लहरे ने भी एक-एक गोल किया। महानदी फाल्कन्स की ओर से रिया खलखो ने एकमात्र गोल किया।
मुकाबले में इंद्रावती टाइग्रेस ने बेहतर तालमेल, गेंद पर नियंत्रण और आक्रामक रणनीति के दम पर शुरुआत से ही दबाव बनाए रखा। टीम ने लगभग 60 प्रतिशत समय तक गेंद अपने कब्जे में रखी। इसके मुकाबले महानदी फाल्कन्स की टीम को आक्रमण में अपेक्षित सफलता नहीं मिल सकी।
23 अक्टूबर को होंगे दो मुकाबले
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग में शुक्रवार, 23 अक्टूबर को रायपुर के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में दो मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मैच शाम 5:30 बजे मैनपाट टाइटंस और बैलाडीला बुल्स के बीच होगा। इसके बाद शाम 7:30 बजे चक्रधर चैंपियंस और संस्कारधानी स्ट्राइकर्स की टीमें आमने-सामने होंगी।
प्रदेश की पहली आधिकारिक राज्य स्तरीय हॉकी लीग
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग का आयोजन छत्तीसगढ़ शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा किया जा रहा है। इसका पहला संस्करण 21 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक रायपुर में आयोजित हो रहा है। लीग में छह फ्रेंचाइजी टीमें—राजधानी रॉयल्स, बैलाडीला बुल्स, संस्कारधानी स्ट्राइकर्स, चक्रधर चैंपियंस, न्यायधानी नाइट्स और मैनपाट टाइटंस—खिताब के लिए प्रतिस्पर्धा कर रही हैं।
प्रत्येक टीम में 22 खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें 18 खिलाड़ी छत्तीसगढ़ से और चार खिलाड़ी राज्य के बाहर के राष्ट्रीय या अंतरराष्ट्रीय स्तर के हैं। लीग का उद्देश्य प्रदेश के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने, प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने और राज्य, राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराना है।
‘चलो रे संगी, हॉकी खेलबो’ के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित यह लीग प्रदेश में हॉकी के विकास, उभरती प्रतिभाओं को मंच देने और छत्तीसगढ़ की खेल पहचान को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Live Cricket Info
