नगरीय निकायों में सकारात्मक मतदान से भाजपा के ऐतिहासिक जीत: अरुण साव

रायपुर । छत्तीसगढ़ के नगरीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रचंड जीत को उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ऐतिहासिक करार दिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा की यह जीत जनता के विश्वास और सरकार के सकारात्मक कार्यों का परिणाम है।

 

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

उप मुख्यमंत्री साव ने सोमवार को भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में कहा कि प्रदेश के सभी 10 नगर निगमों में भाजपा को बड़ी बढ़त मिली है। 49 में से 35 नगरपालिकाओं और 114 नगर पंचायतों में से 81 नगर पंचायतों में भाजपा के अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। उन्होंने कहा कि पिछले 13-14 महीनों में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने विकास कार्यों को प्राथमिकता दी है।

 

भाजपा की जीत को बताया जनता का समर्थन

साव ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली में कांग्रेस शून्य पर रही, छत्तीसगढ़ के नगर निगमों में भी शून्य पर रही और अब कांग्रेस लगातार शून्य की ओर बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता के हित में कई योजनाएं चलाईं, जिनमें 7,500 करोड़ रुपए की राशि नगरीय निकायों को जारी करना, जनसमस्या निवारण पखवाड़े का आयोजन, स्वच्छता पखवाड़ा और अनुकंपा नियुक्तियों का शीघ्र निपटारा शामिल है।

  नगर पालिका परिषद बाँकी मोंगरा की नवनिर्वाचित अध्यक्ष सोनी कुमारी झा ने भाजपा नेताओं से लिया आशीर्वाद, विकास को मिलेगी नई गति

 

मोदी गारंटी से जनता को लाभ

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने प्रदेश के 25 लाख किसानों को प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान 3100 रु. प्रति क्विंटल की दर से खरीदा, 12 लाख किसानों को बकाया बोनस का भुगतान किया, 70 लाख महिलाओं को महतारी वंदन योजना के तहत हर माह 1,000 रु. सीधे खातों में जमा किए, और तेन्दूपत्ता संग्राहकों को बढ़ी हुई दर पर भुगतान किया।

 

भाजपा का बढ़ता जनाधार

साव ने बताया कि भाजपा को पिछले विधानसभा चुनाव में 46% वोट, लोकसभा चुनाव में 52% वोट, और अब नगरीय निकाय चुनाव में 55.41% वोट प्राप्त हुए हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले पंचायत चुनावों में भी भाजपा को बड़ी सफलता मिलेगी।

 

पत्रकार वार्ता में भाजपा के प्रदेश मीडिया सह प्रभारी अनुराग अग्रवाल, प्रदेश प्रवक्ता संदीप शर्मा, अजजा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष विकास मरकाम, सुरेंद्र पाटनी और पैनलिस्ट डॉ. किरण बघेल भी उपस्थित रहे।

Live Cricket Info