CULTURE CONNECT : छत्तीसगढ़ी के मान-सम्मान से जुड़ा प्रदेश का स्वाभिमान, मातृभाषा को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान

रायपुर। अपनी भाषा ही अपनी पहचान और संस्कृति की सबसे मजबूत कड़ी होती है। छत्तीसगढ़ी भाषा में प्रदेश की माटी, लोकजीवन, परंपराओं और आत्मीयता की झलक मिलती है। छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए मातृभाषा के संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास करने की अपील की। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ी हमारी संस्कृति, अस्मिता और स्वाभिमान की पहचान है।
माटी की खुशबू और पुरखों के संस्कार समेटे है भाषा
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ी भाषा में हमारी माटी की सोंधी महक, पुरखों के संस्कार और प्रदेश की आत्मीयता रची-बसी है। लोकगीतों, लोककथाओं, तीज-त्योहारों और परंपराओं में छत्तीसगढ़ी की मिठास दिखाई देती है। यह भाषा पीढ़ियों से प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और जीवन मूल्यों को सहेजने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा कि मातृभाषा के माध्यम से व्यक्ति अपनी जड़ों और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा रहता है। छत्तीसगढ़ी भाषा केवल बोलचाल का माध्यम नहीं, बल्कि प्रदेश की परंपरा, भावनाओं और सामाजिक जीवन की अभिव्यक्ति भी है।
नई पीढ़ी को भाषा से जोड़ना जरूरी
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसी भी भाषा की वास्तविक समृद्धि उसके अधिकाधिक उपयोग और नई पीढ़ी से जुड़ाव में निहित होती है। मातृभाषा को दैनिक व्यवहार, साहित्य, शिक्षा और रचनात्मक अभिव्यक्ति में अधिक स्थान देने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि अपनी मातृभाषा पर गर्व करना और उसका नियमित उपयोग करना भाषा के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। छत्तीसगढ़ी को केवल सांस्कृतिक आयोजनों तक सीमित न रखकर जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में अपनाया जाना चाहिए।
राजभाषा दिवस पर संरक्षण-संवर्धन का संकल्प
छत्तीसगढ़ी राजभाषा दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से भाषा के मान-सम्मान को बढ़ाने और इसके संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से छत्तीसगढ़ी की मिठास और सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक अक्षुण्ण रखा जा सकता है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपनी मातृभाषा के प्रति गौरव की भावना मजबूत करने और छत्तीसगढ़ी के व्यापक उपयोग में योगदान देने की अपील की।

Live Cricket Info
