छत्तीसगढ़बड़ी ख़बरराजकाज

बीएसपी टाउनशिप के 3,946 परिवारों को बड़ी राहत, किराए में 75 प्रतिशत तक की कटौती, रिटेंशन और थर्ड पार्टी आवासों का किराया अब 6 रुपये प्रति वर्गफीट प्रतिमाह, मुख्यमंत्री विष्णु भैया की पहल पर प्रबंधन ने जारी किया संशोधित आदेश

रायपुर : भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) की टाउनशिप में रहने वाले हजारों परिवारों को आवास किराए में बड़ी राहत मिली है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल के बाद बीएसपी प्रबंधन ने रिटेंशन और थर्ड पार्टी श्रेणी के आवासों का किराया घटाकर 6 रुपये प्रति वर्गफीट प्रतिमाह कर दिया है। इस फैसले से करीब 3,946 आवासधारियों को लाभ मिलने का अनुमान है। रिटेंशन श्रेणी में किराए की दर सीधे 75 प्रतिशत कम हुई है, जबकि थर्ड पार्टी श्रेणी के आवासधारियों को 25 प्रतिशत की राहत मिलेगी।

24 रुपये से घटकर 6 रुपये हुआ किराया

बीएसपी प्रबंधन के नगर सेवाएं विभाग ने 2 नवंबर 2026 को संशोधित आदेश जारी किया। इसके अनुसार रिटेंशन और थर्ड पार्टी, दोनों श्रेणियों के संबंधित आवासों के लिए अब एक समान किराया दर 6 रुपये प्रति वर्गफीट प्रतिमाह निर्धारित की गई है।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

रिटेंशन श्रेणी में पहले किराया 24 रुपये प्रति वर्गफीट था। इसे घटाकर 6 रुपये करने से 75 प्रतिशत की राहत मिली है। वहीं थर्ड पार्टी श्रेणी में पहले 8 रुपये प्रति वर्गफीट किराया लिया जा रहा था, जिसे घटाकर 6 रुपये कर दिया गया है। इससे इस श्रेणी के आवासधारियों को 25 प्रतिशत की राहत मिलेगी।

500 वर्गफीट के मकान पर हर महीने 9 हजार की बचत

नई दर का असर समझें तो 500 वर्गफीट के रिटेंशन आवास का किराया पहले 12 हजार रुपये प्रतिमाह था। अब यह घटकर 3 हजार रुपये रह जाएगा। यानी संबंधित परिवार को हर महीने 9 हजार रुपये और सालभर में 1 लाख 8 हजार रुपये की बचत होगी।

3,946 आवासधारियों को मिलेगा लाभ

उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस फैसले से रिटेंशन श्रेणी के 1,158 और थर्ड पार्टी श्रेणी के 2,788 आवासधारियों को लाभ मिलने का अनुमान है। कुल मिलाकर करीब चार हजार परिवारों को राहत मिलेगी। इनमें बड़ी संख्या उन सेवानिवृत्त कर्मचारियों की है, जो वर्षों तक भिलाई इस्पात संयंत्र में सेवा देने के बाद सीमित पेंशन या अन्य आय के सहारे परिवार चला रहे हैं।

  सरकार धान खरीदी के नाम पर कर रही षड्यंत्र: दीपक बैज

पूर्व अवधि के किराए की पुनर्गणना भी होगी

संशोधित आदेश में नई किराया दर को पूर्व प्रभाव से लागू करने का प्रावधान भी किया गया है। इसके तहत संबंधित अवधि के किराए की पुनर्गणना की जा सकेगी। पहले से अधिक दर पर किराया जमा कर चुके आवासधारियों की अतिरिक्त राशि के समायोजन की प्रक्रिया विभागीय निर्देशों के अनुसार स्पष्ट की जाएगी। यह व्यवस्था आगामी आदेश तक अंतरिम राहत के रूप में प्रभावी रहेगी।

मुख्यमंत्री निवास में संघों के पदाधिकारियों ने जताया आभार

इस फैसले के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में बीएसपी के सेवानिवृत्त कार्मिक कल्याण संघ और थर्ड पार्टी कल्याण संघ के पदाधिकारियों ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पाण्डेय, विधायक ललित चंद्राकर और रिकेश सेन सहित दुर्ग-भिलाई के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

दरअसल, बीएसपी टाउनशिप में आवास किराए में बढ़ोतरी का मुद्दा लंबे समय से उठ रहा था। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों और प्रभावित परिवारों की आर्थिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए किराया दरों में संशोधन पर चर्चा हुई थी। इसके बाद प्रबंधन ने नई दरों का आदेश जारी किया।

किराए में इस कटौती से भिलाई टाउनशिप के हजारों परिवारों पर पड़ रहा आर्थिक बोझ कम होने की उम्मीद है। खासकर सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लिए यह फैसला बड़ी राहत माना जा रहा है।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button