“एक राखी पेड़ के नाम” : लेमरू में पेड़ों की रक्षा का अनूठा संकल्प, DFO कोरबा के मार्गदर्शन में चला अभियान

कोरबा, 25 अगस्त 2026।
रक्षाबंधन के पर्व को पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए कोरबा वनमंडल के लेमरू वन परिक्षेत्र में “एक राखी पेड़ के नाम” अभियान चलाया जा रहा है। DFO कोरबा के मार्गदर्शन एवं वन विभाग के निर्देशन में 22 से 28 अगस्त तक आयोजित रक्षा सप्ताह के दौरान ग्रामीणों और वन प्रबंधन समितियों की सहभागिता से वृक्षों, वनों एवं वन्यप्राणियों के संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है।
अभियान के प्रथम चरण में 22 अगस्त को संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण वृक्षों का चिन्हांकन किया गया। इसके बाद चयनित वृक्षों के आसपास स्वच्छता अभियान चलाकर घास-फूस और अनावश्यक झाड़ियों की सफाई की गई। इसमें वन विभाग के कर्मचारियों के साथ ग्रामीणों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।
अब अभियान के तहत चयनित वृक्षों को प्रतीकात्मक रूप से राखी बांधकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया जा रहा है। कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया जा रहा है कि जिस प्रकार भाई-बहन एक-दूसरे की रक्षा का वचन देते हैं, उसी प्रकार पेड़ भी मानव जीवन और पर्यावरण की रक्षा करते हैं। इसलिए वृक्षों की सुरक्षा समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम में वन प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने वनों की सुरक्षा, अवैध कटाई पर रोक और वन्यप्राणियों के संरक्षण के लिए संकल्प लिया। ग्रामीणों को वन विभाग के साथ मिलकर वन संपदा की सुरक्षा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।
DFO कोरबा के मार्गदर्शन में वन विभाग द्वारा जनभागीदारी को वन संरक्षण का महत्वपूर्ण आधार मानते हुए ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को बढ़ावा दिया जा रहा है। विभाग का उद्देश्य ग्रामीणों को वन संरक्षण से जोड़ते हुए जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा को जनआंदोलन का स्वरूप देना है।
“एक राखी पेड़ के नाम” केवल पेड़ को राखी बांधने की पहल नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, पर्यावरण संरक्षण और आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित भविष्य सुरक्षित रखने का भावनात्मक एवं सामूहिक संकल्प है।

Live Cricket Info