✖
🔔

प्रखरभूमि न्यूज़

प्रखरभूमि में बेहतरीन खबरों को तुरंत पाने के लिए अभी सब्सक्राइब करें।

📊 12,000+ पाठक पहले ही जुड़ चुके हैं
Big newsIAS/IPSअपराधअम्बिकापुरकानूनठगीसरगुजा

ट्रेनी IPS राहुल बंसल पर 1 करोड़ रिश्वत के आरोप, CBI कोर्ट ने जारी किया नोटिस: ASI और कॉन्स्टेबल लाइन अटैच

अंबिकापुर/सरगुजा। ट्रेनी IPS और अंबिकापुर CSP राहुल बंसल से जुड़े कथित 1 करोड़ रुपये रिश्वत मामले ने तूल पकड़ लिया है। दिल्ली की CBI स्पेशल कोर्ट में दाखिल परिवाद के बाद कोर्ट ने संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किया है। मामले में अगली सुनवाई 18 अगस्त को निर्धारित की गई है।

शिकायतकर्ता हरियाणा निवासी आकाश कुमार ने आरोप लगाया है कि साइबर ठगी के एक मामले की जांच के दौरान 1 करोड़ रुपये की रिश्वत मांगी गई और कथित तौर पर रकम हवाला के जरिए पहुंचाई गई। परिवाद में आरोप है कि साइबर सेल में पदस्थ ASI प्रवीण कुमार राठौर और कॉन्स्टेबल अंशुल शर्मा ने कथित तौर पर बिचौलियों की भूमिका निभाई।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

हवाला के जरिए 1 करोड़ लेने का आरोप

CBI स्पेशल कोर्ट में दाखिल शिकायत के अनुसार, रिश्वत की रकम दो किश्तों में 50-50 लाख रुपये के रूप में हवाला के जरिए पहुंचाने का आरोप लगाया गया है। शिकायत के साथ शपथ-पत्र, WhatsApp चैट और कॉल रिकॉर्डिंग भी पेश किए जाने की बात कही गई है।

शिकायतकर्ता ने ट्रेनी IPS राहुल बंसल, ASI प्रवीण कुमार राठौर और आरक्षक अंशुल शर्मा के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 7A सहित BNS की संबंधित धाराओं के तहत FIR दर्ज करने की मांग की है। मामले में छत्तीसगढ़ के DGP को भी नोटिस जारी किए जाने की जानकारी सामने आई है।

वायरल ऑडियो के बाद ASI और कॉन्स्टेबल लाइन अटैच

इधर वायरल ऑडियो मामले में ASI प्रवीण कुमार राठौर और कॉन्स्टेबल अंशुल शर्मा को पुलिस लाइन अटैच कर दिया गया है। सरगुजा IG दीपक कुमार झा ने यह कार्रवाई की है।

  छत्तीसगढ़ी कला को मिलेगी ग्लोबल पहचान.. 21 अगस्त को धमतरी में सजेगा ‘जनजातीय कारीगर एम्पैनलमेंट मेला’

IG ने कहा कि वायरल ऑडियो के आधार पर दोनों पुलिसकर्मियों को लाइन अटैच किया गया है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि CSP राहुल बंसल के खिलाफ फिलहाल कोई सबूत सामने नहीं आया है। 1 करोड़ रुपये के लेन-देन के आरोपों के संबंध में आरोपी पक्ष से सबूत पेश करने को कहा गया था, लेकिन पुलिस के अनुसार अब तक कोई सबूत प्रस्तुत नहीं किया गया है।

साइबर ठगी के मामले की जांच से जुड़ा है विवाद

दरअसल, अंबिकापुर के क्रशर संचालक रवि मोहन गोस्वामी ने साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराई थी कि शेयर मार्केट ट्रेडिंग के नाम पर ‘मनी ट्रेड 365’ और ‘स्काई ट्रेड’ नाम के एप्लीकेशन के जरिए उनसे 20 लाख 15 हजार रुपये की ठगी की गई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था।

पुलिस के मुताबिक इस मामले की जांच CSP राहुल बंसल के नेतृत्व में की जा रही थी और अब तक 23 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

इसी जांच के दौरान जल्द चालान पेश करने और जांच रिपोर्ट में कथित रियायत देने के बदले 1 करोड़ रुपये रिश्वत मांगने का आरोप लगाया गया है। मामले से जुड़ा कथित ऑडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

अब सभी की नजरें 18 अगस्त को CBI स्पेशल कोर्ट में होने वाली अगली सुनवाई पर हैं। कोर्ट की कार्यवाही और जांच के आगे बढ़ने के साथ ही आरोपों की वास्तविक स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।

Live Cricket Info

Related Articles

Back to top button