जलक्रीड़ा एवं मोटर बोट संचालन का 10 दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ

कोरबा 07 अगस्त। छत्तीसगढ़ शासन, वन एवं जलवायु परिवर्तन विभाग अंतर्गत वन मंडल कटघोरा में राष्ट्रीय जल क्रीड़ा संस्थान, गोवा के सहयोग से जलक्रीड़ा (जीवन रक्षक तकनीक) एवं मोटर बोट संचालन का 10 दिवसीय प्रशिक्षण आज 07 अगस्त से प्रारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण 17 अगस्त 2026 तक आयोजित किया जाएगा।

Advertisement Carousel

प्रशिक्षण में कुल 38 प्रशिक्षणार्थी भाग ले रहे हैं, जिनमें वन परिक्षेत्र एतमानगर अंतर्गत जल विहार बुका से 21 प्रशिक्षणार्थी, वन परिक्षेत्र केंदई अंतर्गत गोल्डन आइलैंड से 13 प्रशिक्षणार्थी तथा जशपुर वन मंडल से 4 प्रशिक्षणार्थी शामिल हैं। प्रशिक्षण प्रदान करने हेतु राष्ट्रीय जल क्रीड़ा संस्थान, गोवा से तीन विशेषज्ञ प्रशिक्षक मदन मोहन राव, सुरेन्द्र कुमार एवं जगदीश पहुंचे हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को जलक्रीड़ा गतिविधियों के सुरक्षित संचालन, जीवन रक्षक तकनीकों, जल में आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने, बचाव एवं राहत कार्य तथा मोटर बोट के सुरक्षित एवं तकनीकी संचालन से संबंधित व्यावहारिक एवं सैद्धांतिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

इस प्रशिक्षण का उद्देश्य वन क्षेत्रों में स्थित जल पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षित एवं दक्ष मानव संसाधन तैयार करना है। प्रशिक्षण से जल विहार बुका एवं गोल्डन आइलैंड में जल पर्यटन गतिविधियों को अधिक सुरक्षित, व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहायता मिलेगी।

Live Cricket Info