Big newsIAS/IPSRaipurराजनीति

सौरभ चंद्राकर के समर्थन में उतरे अमित जोगी, बोले- ‘मैं उसका फैन हूं, आप सभी को भी होना चाहिए’

रायपुर। महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले के मुख्य आरोपी सौरभ चंद्राकर को लेकर जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी ने सोशल मीडिया पर एक विवादित पोस्ट की है। उन्होंने फेसबुक पर एक वीडियो शेयर करते हुए खुले तौर पर सौरभ चंद्राकर का समर्थन किया है। अमित जोगी ने पोस्ट में लिखा, ‘मैं सौरभ चंद्राकर का फैन क्यों हूं?’ उनकी इस पोस्ट के बाद प्रदेश की सियासत में नई चर्चा शुरू हो गई है।

अमित जोगी ने अपनी पोस्ट में छत्तीसगढ़िया अस्मिता, भोलेपन और राजनीतिक व्यवस्था का जिक्र करते हुए सौरभ चंद्राकर को लेकर अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोग भोले हैं और इसी वजह से उनका शोषण होता रहा है। उन्होंने सौरभ चंद्राकर के एक जूस बेचने वाले से बड़े लोगों के बीच पहुंचने का उदाहरण देते हुए इसे अलग नजरिए से देखने की बात कही।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

अमित जोगी ने पोस्ट में क्या लिखा?

अमित जोगी ने फेसबुक पोस्ट में लिखा, ”दोस्तों, मैं खुलकर कह रहा हूं—मैं सौरभ चंद्राकर का फैन और आपको भी होना चाहिए। हम सब कहते हैं- ‘सबले बढ़िया छत्तीसगढ़िया, भोला छत्तीसगढ़िया’, लेकिन अगली लाइन कोई याद नहीं रखता- ‘सीधा म सीधा त भोला छत्तीसगढ़िया, नई त डोमी करिया!’

उन्होंने आगे लिखा कि छत्तीसगढ़ के लोग भोले होने के कारण हमेशा लूटे गए हैं। एक जूस बेचने वाला भोला छत्तीसगढ़िया उन लोगों के बीच पहुंच गया, जो राज करते हैं, गुलामी नहीं। आरोप है कि वह टेढ़े रास्ते से पहुंचा- साम, दाम, दंड और भेद के जरिए। तो यही पैमाना उन लोगों पर भी लागू होना चाहिए, जिन्होंने छत्तीसगढ़ को अडानीगढ़ बना दिया।

अमित जोगी ने आगे लिखा कि सौरभ ने उन्हीं लोगों को उन्हीं के खेल में हराया। एक छत्तीसगढ़िया ने विक्टिम बनने से इनकार किया। उन्होंने लोगों से इस पूरे मामले को अलग नजरिए से सोचने की अपील भी की।

  मानव तस्करी पर आधारित लघु फिल्म “कजरी - द बैटल फॉर फ्रीडम” का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया विमोचन

महादेव ऐप मामले में मुख्य आरोपी है सौरभ चंद्राकर

गौरतलब है कि सौरभ चंद्राकर महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप मामले में मुख्य आरोपियों में शामिल है। इस मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) सहित अन्य एजेंसियां कर रही हैं। सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत प्रत्यर्पित किए जाने के बाद 2 नवंबर 2026 को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया था।

दो दिन की ट्रांजिट रिमांड पर सौरभ चंद्राकर

दिल्ली की विशेष अदालत में CBI ने सौरभ चंद्राकर की दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मांगी थी। विशेष न्यायाधीश निखिल चोपड़ा की अदालत में दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद ट्रांजिट रिमांड मंजूर कर ली गई।

अदालत ने स्पष्ट किया कि प्रत्यर्पण की शर्तों के तहत सौरभ चंद्राकर के खिलाफ CBI के मामले में मुकदमा चलाया जा सकता है या नहीं, इस पर फैसला रायपुर की संबंधित विशेष अदालत करेगी। आरोपी को 4 नवंबर 2026 तक रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश करने का निर्देश दिया गया है।

अमित जोगी की पोस्ट से सियासी चर्चा तेज

एक ओर महादेव ऐप मामले में सौरभ चंद्राकर की भारत वापसी और CBI की पूछताछ को लेकर चर्चा जारी है, वहीं दूसरी ओर अमित जोगी की सोशल मीडिया पोस्ट ने राजनीतिक बहस को नया मुद्दा दे दिया है। अब देखना होगा कि अमित जोगी के इस बयान पर प्रदेश के अन्य राजनीतिक दलों और नेताओं की क्या प्रतिक्रिया सामने आती है।

Live Cricket Info

Related Articles

Back to top button