कोरबाछत्तीसगढ़राजकाजसमीक्षासुरक्षासेहत

बांकीमोंगरा स्वास्थ्य केंद्र में नपा अध्यक्ष के दौरे के बाद सीएमएचओ ने लगाई दो डॉक्टरों की ड्यूटी

कोरबा, 24 नवम्बर। वार्ड क्रमांक 03 स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोंगरा में निरीक्षण के दौरान चिकित्सकों की कमी एवं अन्य अव्यवस्थाओं को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराने के बाद मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला कोरबा ने दो चिकित्सकों की सेवाएं निर्धारित दिवसों में उपलब्ध कराने के आदेश जारी किए हैं।

दरअसल, विगत दिनों पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा ने अपने पार्षदों, पीआईसी सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ स्वास्थ्य केंद्र मोंगरा का औचक निरीक्षण किया था। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं का जायजा लिया और चिकित्सकों की कमी सहित विभिन्न समस्याओं को गंभीरता से उठाया। निरीक्षण के दौरान सामने आई समस्याओं को लेकर अध्यक्ष श्रीमती झा ने सीएमएचओ डॉ. सूर्य नारायण केशरी से दूरभाष पर चर्चा कर स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की कमी, रात्रिकालीन शिफ्ट में स्टाफ की व्यवस्था, वार्ड बॉय एवं सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी थी।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

उन्होंने क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए शीघ्र व्यवस्था सुनिश्चित करने की बात कही थी। मुख्यचिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी कार्यालय, जिला कोरबा की ओर से 22 नवंबर 2026 को आदेश क्रमांक 907 जारी किया गया है। आदेश में शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बांकीमोंगरा ( मोंगरा )में चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए दो चिकित्सा अधिकारियों की ड्यूटी निर्धारित की गई है।

  कोरबा: तस्करों के हवाले लेमरू के जंगल! ग्रामीणों ने आधी रात को पकड़ी लकड़ी तस्करी, तब खुली वन अमले की नींद

जारी आदेश के अनुसार डॉ. जॉन कुजूर, चिकित्सा अधिकारी कटघोरा को प्रत्येक माह के मंगलवार एवं 24 तारीख को तथा डॉ. अनिल कुमार क्षत्री, चिकित्सा अधिकारी कृष्णानगर को प्रत्येक माह के शुक्रवार एवं 09 तारीख को बांकीमोंगरा में उपस्थित रहकर चिकित्सा सेवाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि आगामी आदेश तक संबंधित चिकित्सक निर्धारित दिवसों में बांकीमोंगरा स्वास्थ्य केंद्र में उपस्थित रहकर अपनी सेवाएं देंगे।

दो चिकित्सकों की सेवाएं निर्धारित होने से बांकीमोंगरा क्षेत्र के मरीजों एवं स्थानीय नागरिकों को राहत मिलने की उम्मीद है। लंबे समय से स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सकों की उपलब्धता को लेकर उठ रही समस्याओं के बीच सीएमएचओ का यह आदेश महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि, स्वास्थ्य केंद्र में रात्रिकालीन स्टाफ, वार्ड बॉय एवं सुरक्षा गार्ड जैसी अन्य समस्याओं का समाधान होना अभी बाकी है। ऐसे में अब स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि स्वास्थ्य विभाग इन समस्याओं पर भी शीघ्र संज्ञान लेकर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करेगा। जनहित से जुड़े स्वास्थ्य सुविधाओं के मुद्दे को लेकर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनी विकास झा की पहल के बाद जारी हुआ यह आदेश क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

Live Cricket Info

Related Articles

Back to top button