कोरबाछत्तीसगढ़पर्व त्यौहारपॉवर सेक्टरराजकाजसमस्या

त्योहारों के दौरान बिजली की आंखमिचौली से नगरवासी परेशान

कोरबा, 14 नवम्बर। त्योहारों का सिलसिला जारी है, लेकिन शहर की बिजली व्यवस्था उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा रही है। शहर के कई इलाकों में बार-बार बिजली गुल होने और ट्रिपिंग की समस्या ने लोगों को हलाकान कर दिया। पाड़ीमार और तुलसी नगर जोन के प्रभावित क्षेत्रों में निर्बाध बिजली आपूर्ति नहीं होने से त्योहार की तैयारियों और घरेलू कामकाज पर असर पड़ा। अब छठ, देवउठनी एकादशी, गुरुनानक देव का प्रकाश पर्व और क्रिसमस जैसे आयोजन सामने हैं, ऐसे में बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग उठने लगी है। पाड़ीमार जोन के राजेन्द्र प्रसाद नगर फेस-1 में बिजली की आंखमिचौली से उपभोक्ता विशेष रूप से परेशान हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इस क्षेत्र के करीब 600 घरों में बिजली आपूर्ति की समस्या बनी रहती है। दशहरा मैदान के पास स्थापित ट्रांसफार्मर से यहां बिजली पहुंचाई जाती है। बिजली का भार कम करने के उद्देश्य से सीएसईबी कॉलोनी परिसर में नया बिजली उपकेंद्र भी बनाया गया है, लेकिन इसके बावजूद राजेन्द्र प्रसाद नगर फेस-1 की आपूर्ति व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। इसी तरह टीपी नगर में गायत्री मंदिर के आसपास बुधवार दोपहर एक घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रही। देर शाम भी बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। बार-बार बिजली आने-जाने से घरेलू उपकरणों के संचालन में भी दिक्कत हुई। भाई दूज के साथ दीपोत्सव का समापन जरूर हो गया है, लेकिन छठ महापर्व, देवउठनी एकादशी और कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर धार्मिक आयोजन होंगे। इसके बाद क्रिसमस और नए साल का उत्सव भी मनाया जाएगा। ऐसे में उपभोक्ताओं ने बिजली विभाग से मांग की है कि त्योहारों के दौरान बार-बार होने वाली ट्रिपिंग और अघोषित कटौती पर रोक लगाकर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now
  बीच सड़क युवक से मारपीट करने वाले आरोपी डेढ़ घंटे में गिरफ्तार, पुलिस ने निकाला जुलूस, SSP रजनेश सिंह ने - बोलें दहशत फैलाने वालों को नहीं बख्शा जाएगा

Live Cricket Info

Related Articles

Back to top button