जशपुर के अनिमेष कुजूर ने एशियन गेम्स में रचा इतिहास, CM साय से मुलाकात में मिला प्रोत्साहन

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के छोटे से गांव घुईटांगर से निकलकर अंतरराष्ट्रीय खेल मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाले एथलीट अनिमेष कुजूर ने अपनी उपलब्धि से प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। एशियन गेम्स 2026 की 4×100 मीटर मिक्स्ड रिले स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने वाले अनिमेष ने शुक्रवार को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें ऐतिहासिक उपलब्धि पर बधाई देते हुए भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।
41.06 सेकंड में भारतीय टीम ने सुधारा राष्ट्रीय रिकॉर्ड
जापान में आयोजित एशियन गेम्स 2026 की 4×100 मीटर मिक्स्ड रिले स्पर्धा में भारतीय टीम ने 41.06 सेकंड का समय दर्ज करते हुए कांस्य पदक हासिल किया। इस प्रदर्शन के साथ टीम ने राष्ट्रीय रिकॉर्ड में भी सुधार किया। अनिमेष कुजूर की इस उपलब्धि को छत्तीसगढ़ के खेल जगत के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री बोले—पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गौरव का विषय
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अनिमेष से उनकी खेल यात्रा, प्रशिक्षण और एशियन गेम्स के अनुभवों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि जशपुर की माटी के बेटे ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और दृढ़ संकल्प से अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रदेश को गौरवान्वित किया है। छोटे से गांव से निकलकर देश के लिए पदक जीतना उन युवाओं के लिए प्रेरणा है, जो खेलों में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है कि इन प्रतिभाओं की शुरुआती स्तर पर पहचान कर उन्हें बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक खेल सुविधाएं और आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराए जाएं।
खिलाड़ियों को सुविधाएं देने पर सरकार का जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेल अधोसंरचना के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर ध्यान दे रही है। लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अधिक से अधिक पदक जीतकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करें।
उन्होंने अनिमेष को इसी समर्पण और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते रहने की सलाह देते हुए आने वाले अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों के लिए शुभकामनाएं दीं।
परिवार के सदस्य भी रहे मौजूद
मुलाकात के दौरान अनिमेष कुजूर ने मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए। इस अवसर पर उनके पिता अमृत कुजूर, माता रीना कुजूर, एथलेटिक्स एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा खेल विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम घुईटांगर के निवासी अनिमेष की उपलब्धि प्रदेश के ग्रामीण युवाओं के लिए एक प्रेरक उदाहरण है। उनकी सफलता ने एक बार फिर दिखाया है कि मेहनत, अनुशासन और सही अवसर मिलने पर छोटे गांवों की प्रतिभाएं भी अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंच सकती हैं।

Live Cricket Info

