सक्ति पुलिस की त्वरित कार्रवाई, दुष्कर्म एवं प्राणघातक धमकी का आरोपी 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार

सक्ति, 15 मार्च 2026। थाना सक्ती क्षेत्र अंतर्गत महिला संबंधी गंभीर अपराध में सक्ती पुलिस ने उल्लेखनीय तत्परता का परिचय देते हुए दुष्कर्म एवं जान से मारने की धमकी देने वाले आरोपी को महज 12 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अपराध क्रमांक 122/2025 के तहत धारा 64(1), 351(3) बीएनएस में प्रकरण पंजीबद्ध किया गया। प्रार्थिया द्वारा थाना उपस्थित होकर लिखित आवेदन प्रस्तुत किया गया, जिसमें उल्लेख किया गया कि घटना के समय उसके सास, ससुर एवं पति कार्य से बाहर गए हुए थे और वह घर पर अकेली थी। इसी दौरान आरोपी अजय पटेल, पिता सुदर्शन पटेल, उम्र 29 वर्ष, निवासी बसंतपुर, थाना सक्ती, जिला सक्ती जबरन उसके घर में प्रवेश कर उसे पकड़कर कमरे के भीतर ले गया तथा उसके साथ बलपूर्वक दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने घटना का खुलासा करने पर पीड़िता के पति और बच्चों की हत्या कर देने की धमकी भी दी।
पीड़िता की शिकायत पर थाना सक्ती में तत्काल अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। चूंकि मामला महिला संबंधी जघन्य अपराध से जुड़ा था, इसलिए पुलिस अधीक्षक सक्ती श्री प्रफ्फुल कुमार ठाकुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल तथा अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के निर्देशन एवं मार्गदर्शन में आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु विशेष प्रयास किए गए।
थाना प्रभारी निरीक्षक लखन लाल पटेल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित पतासाजी कर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके उपरांत विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उसे दिनांक 15 मार्च 2026 को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इस संपूर्ण कार्रवाई में सउनि नीलमणी कुसुम, आरक्षक यादराम चंद्रा, शैलेन्द्र देवांगन, हेमंत केसरिया, महिला आरक्षक 286 सुलेखा कश्यप सहित थाना स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।
Live Cricket Info




