Big newsCrimeIAS/IPSकांकेरतस्करी

CG में गांजा तस्करों का दुस्साहस: 30 KM तक पुलिस ने किया पीछा, थाना प्रभारी को कार से कुचलने की कोशिश; 2 करोड़ का गांजा बरामद

कांकेर। छत्तीसगढ़ में गांजा तस्करों के हौसले इस कदर बुलंद हैं कि अब वे पुलिसकर्मियों पर भी जानलेवा हमला करने से पीछे नहीं हट रहे हैं। कांकेर जिले में मंगलवार देर रात गांजा तस्करों और पुलिस के बीच करीब 30 किलोमीटर तक फिल्मी अंदाज में पीछा चला। इस दौरान तस्करों ने केशकाल थाना प्रभारी रितेश मिश्रा को कार से कुचलने की कोशिश की। कार थाना प्रभारी के पैर को रगड़ते हुए निकल गई, जिससे उनके अंगूठे में गंभीर चोट आई। हालांकि, तस्कर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए। बाद में पुलिस ने कचरे के ढेर से 400 किलो से अधिक गांजा बरामद किया, जिसकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।

थाना प्रभारी को कार से कुचलने की कोशिश

जानकारी के मुताबिक, ओडिशा से गांजा लेकर आ रही एक फॉर्च्यूनर कार के साथ पायलट वाहन के रूप में टाटा वैक्सीन चल रही थी। पुलिस ने दोनों वाहनों को रोकने की कोशिश की। इसी दौरान एक नेक्सॉन कार के चालक ने केशकाल थाना प्रभारी रितेश मिश्रा पर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। कार उनके पैर को रगड़ते हुए निकल गई, जिससे उनके अंगूठे में गंभीर चोट आई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तस्कर अलग-अलग दिशाओं में फरार हो गए।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

कचरे के ढेर में फेंक गए 400 किलो से ज्यादा गांजा

पुलिस से बचने के लिए तस्करों ने सिंगारभाट में राइस मिल के पास गड़िया पहाड़ के नीचे कचरे के ढेर में गांजे से भरी बोरियां फेंक दीं। इसके बाद तस्करी में शामिल वाहन अलग-अलग रास्तों से भाग निकले।

  नवा रायपुर में कल से सजेगा गोल्फ का रोमांच.. मुख्यमंत्री करेंगे ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का शुभारंभ

घटना के बाद केशकाल पुलिस ने वापस लौट रही एक संदिग्ध गाड़ी को रोककर तलाशी ली, लेकिन उसमें कुछ नहीं मिलने पर उसे छोड़ दिया गया। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ग्रामीणों की सूचना पर कांकेर पुलिस मौके पर पहुंची। तलाशी के दौरान कचरे के ढेर में लावारिस हालत में पड़ी गांजे की बोरियां बरामद हुईं। जांच में इन बोरियों से 400 किलो से अधिक गांजा मिला। इसकी बाजार कीमत 2 करोड़ रुपये से ज्यादा आंकी गई है।

एक्सप्रेस-वे निर्माण के चलते पुराने रास्तों से तस्करी

बताया जा रहा है कि रायपुर-विशाखापट्टनम एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य जारी होने के कारण ओडिशा से आने वाले गांजा तस्कर केशकाल-कांकेर के पुराने मार्गों का इस्तेमाल कर रहे हैं। इन रास्तों को तस्करी के नए कॉरिडोर के रूप में उपयोग किए जाने की आशंका है।

एक दिन पहले भी पकड़ा गया था 407 किलो गांजा

गौरतलब है कि इस घटना से ठीक एक दिन पहले भी केशकाल पुलिस ने 407 किलो गांजा जब्त किया था। लगातार दो दिनों में बड़ी मात्रा में गांजा बरामद होने से इलाके में सक्रिय तस्करी नेटवर्क को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें रवाना

कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने बताया कि गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए गए वाहनों और आरोपियों से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना कर दी गई हैं। पुलिस फरार तस्करों की तलाश में जुटी हुई है।

Live Cricket Info

Related Articles

Back to top button