
रायपुर। सतनाम पंथ की आस्था के प्रमुख केंद्र भंडारपुरी धाम में आयोजित गुरु दर्शन एवं संत समागम मेले में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने गुरुगद्दी आसन के दर्शन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने लगभग 28 करोड़ 97 लाख रुपये की लागत वाले तीन सड़क विकास कार्यों का भूमिपूजन किया। साथ ही चार विकास कार्यों और अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा गुरु घासीदास जी के सत्य, अहिंसा, समानता और सामाजिक समरसता के संदेश आज भी समाज को दिशा देते हैं। उनका संदेश ‘मनखे-मनखे एक समान’ भेदभाव से ऊपर उठकर प्रेम, सद्भाव और समानता के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है।
28.96 करोड़ रुपये से होंगे तीन सड़क विकास कार्य
मुख्यमंत्री ने कुल 28 करोड़ 96 लाख 82 हजार रुपये की लागत वाले तीन सड़क कार्यों का भूमिपूजन किया। इनमें मोहंदी-अड़सेना मार्ग के चार किलोमीटर हिस्से का 8 करोड़ 31 लाख 5 हजार रुपये से चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण शामिल है।
इसके अलावा नरदहा में दो किलोमीटर लंबे आंतरिक मार्ग का निर्माण 3 करोड़ 30 लाख 78 हजार रुपये की लागत से किया जाएगा। वहीं छतौना-दरबा-कूटेसर-बड़गांव-कुंडा-नारा-लखौली मार्ग के 29 किलोमीटर हिस्से में 17 करोड़ 34 लाख 99 हजार रुपये की लागत से डामर नवीनीकरण का कार्य प्रस्तावित है। इन कार्यों से क्षेत्र में आवागमन और गांवों के बीच सड़क संपर्क को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।
स्कूल भवनों और नगर पंचायत कार्यालय के लिए भी घोषणा
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब की मांग पर चार निर्माण कार्यों के लिए राशि देने की घोषणा की।
– ग्राम पंचायत खमतराई में हाई स्कूल भवन के लिए 75 लाख रुपये।
– नगर पंचायत आरंग के ओड़का में नवीन प्राथमिक शाला भवन के लिए 30 लाख रुपये।
– मंदिर हसौद के पीएम श्री स्कूल में विभिन्न निर्माण कार्यों के लिए एक करोड़ रुपये।
– चंदखुरी में नगर पंचायत कार्यालय के नवीन भवन के लिए 85 लाख रुपये।
इसके साथ ही अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण मद से 40 स्थानों पर लकड़ी के जैतखाम स्थापित किए जाएंगे।
प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बढ़ीं सीटें
मुख्यमंत्री ने कहा कि सतनामी समाज की शिक्षा और आर्थिक-सामाजिक प्रगति के लिए सरकार कार्य कर रही है। दिल्ली स्थित कोचिंग संस्था में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सीटों की संख्या 100 से बढ़ाकर 200 की गई है। उन्होंने भंडारपुरी में मोती महल के भूमिपूजन का उल्लेख करते हुए समाज की आस्था और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े स्थलों के विकास एवं संरक्षण की प्रतिबद्धता भी जताई।
सामाजिक समरसता और विकास पर जोर
कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सतनामी समाज के विकास से जुड़ी मांगों पर कार्य किया जा रहा है। धर्मगुरु बालदास साहेब ने बाबा गुरु घासीदास जी के आदर्शों को जीवन में अपनाने और सत्य, सद्भाव एवं मानवता के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, अभनपुर विधायक इंद्र कुमार साहू, राजिम विधायक रोहित साहू सहित जनप्रतिनिधि, संतगण, समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Live Cricket Info



