Korba Murder : रावण दहन देखने आए राहुल उर्फ गोल्डन की चाकू मारकर हत्या ! 3 आरोपी गिरफ्तार, एक की तलाश जारी

कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के मानिकपुर क्षेत्र अंतर्गत मुड़ापार में दशहरा उत्सव के दौरान हुई चाकूबाजी की वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। रावण दहन देखने पहुंचे 22 वर्षीय राहुल कुमार उर्फ गोल्डन की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मामले में पुलिस ने पूरी रात सर्च अभियान चलाकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी फरार बताया जा रहा है। पुलिस अब आरोपियों की पहचान परेड की प्रक्रिया में जुटी है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है।
चार दोस्तों के साथ रावण दहन देखने पहुंचा था राहुल
जानकारी के मुताबिक, राहुल कुमार उर्फ गोल्डन बिहार का रहने वाला था। वह अपने चार दोस्तों के साथ मुड़ापार बाजार मैदान में रावण दहन देखने पहुंचा था। इसी दौरान उसका एक दूसरे गुट से विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और चाकूबाजी की घटना में राहुल की जान चली गई। घटना में एक अन्य युवक के घायल होने की भी जानकारी सामने आई थी।
रेलवे में इलेक्ट्रिक वर्कर हैं मृतक के पिता
मृतक राहुल के पिता रेलवे में इलेक्ट्रिक वर्कर के रूप में कार्यरत बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, पिता-पुत्र साथ रहते थे। अचानक हुई इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
छह महीने पहले खाना बनाने के लिए बुलाए जाने की जानकारी
मामले से जुड़ी जानकारी के अनुसार, राहुल को करीब छह महीने पहले खाना बनाने के लिए बुलाया गया था। इस पहलू का मौजूदा विवाद और हत्या की घटना से क्या संबंध है, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस जांच के बाद ही घटनाक्रम की पूरी कड़ी सामने आ सकेगी।
मुड़ापार के स्थानीय निवासी बताए जा रहे गिरफ्तार आरोपी
पुलिस की कार्रवाई में गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपी मुड़ापार के स्थानीय निवासी बताए जा रहे हैं। एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस आरोपियों की पहचान परेड की प्रक्रिया में जुटी है। मामले में आरोपियों की भूमिका और घटना के पीछे की वजह को लेकर आगे की जांच की जा रही है।
एडिशनल एसपी से लेकर मानिकपुर पुलिस टीम रातभर रही मौके पर
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने रातभर अभियान चलाया। इस दौरान एडिशनल एसपी लखन पटले, सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी, कोतवाली थाना प्रभारी प्रेमचंद साहू और मानिकपुर पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी परमेश्वर राठौर अपनी टीम के साथ जुटे रहे। एसपी सिद्धार्थ तिवारी भी पूरे घटनाक्रम पर रातभर नज़र बनाये रखे हुए थे और लगातार अपडेट और निर्देश दे रहे थे। लगातार तलाश और कार्रवाई के बाद तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। एक फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की दबिश जारी है।
फॉरेंसिक टीम जुटा रही तकनीकी साक्ष्य
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंची है, जो वारदात से जुड़े तकनीकी और अन्य साक्ष्य एकत्र कर रही है। इन साक्ष्यों से घटना की परिस्थितियों और आरोपियों की भूमिका की जांच में मदद मिलने की उम्मीद है। पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
प्रखरभूमि | कोरबा

Live Cricket Info