छत्तीसगढ़बड़ी ख़बर🏙️ राज्य व शहर

Ground Report : ‘मन की बात’ सुनने सरगंवा पहुंचे CM साय, युवाओं के लिए मिनी स्टेडियम की घोषणा

अंबिकापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 140वीं कड़ी रविवार को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित सरगंवा की पुष्प वाटिका में जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों के साथ सुनी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सरगंवा में मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपनी प्रतिभा को खेल एवं रचनात्मक गतिविधियों में आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को प्रेरित करने, समाज में सकारात्मक बदलाव लाने और जनभागीदारी को प्रोत्साहित करने का सशक्त माध्यम बन गया है। इस कार्यक्रम के जरिए देश के विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवाचार, जनहित के प्रयास और प्रेरणादायी उपलब्धियां सामने आती हैं, जो लोगों को राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित करती हैं।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

सरगंवा में मिनी स्टेडियम बनाने की घोषणा

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के युवाओं को खेलकूद की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरगंवा में मिनी स्टेडियम निर्माण की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें उचित मंच, प्रशिक्षण और सुविधाएं उपलब्ध कराने की है।

मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने और अपनी ऊर्जा खेल, शिक्षा तथा रचनात्मक गतिविधियों में लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति ही विकसित भारत और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण का सबसे बड़ा आधार है।

‘मन की बात’ में फिट इंडिया और डिजिटल जागरूकता का संदेश

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में युवाओं के बीच बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए नशामुक्त समाज का संदेश दिया। फिट इंडिया अभियान, साइकिलिंग और खेलों में भारत की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए युवाओं को शारीरिक रूप से स्वस्थ, मानसिक रूप से सशक्त और अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

  लापता एसईसीएल कर्मी सड़क किनारे बेहोश मिला

कार्यक्रम में आईगॉट कर्मयोगी डिजिटल प्लेटफॉर्म, संचार साथी पोर्टल, साइबर धोखाधड़ी से बचाव और गुम मोबाइल फोन खोजने जैसे विषयों पर भी जागरूकता का संदेश दिया गया। इसके अलावा भारतीय गुड़, चॉकलेट और ऊंटनी के दूध से जुड़े नवाचारों एवं स्टार्टअप का उल्लेख कर स्थानीय संसाधनों से उद्यमिता और स्वरोजगार की संभावनाओं को प्रोत्साहित किया गया।

छत्तीसगढ़ के नवाचारों को मिल चुकी है राष्ट्रीय पहचान

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘मन की बात’ के पूर्व प्रसारणों में बस्तर पंडुम, कोरिया जिले के जल संचय अभियान और ‘हर घर मुनगा’ जैसे नवाचारी प्रयासों की सराहना की है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा इन प्रयासों का उल्लेख किए जाने से छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी से जुड़े कार्यों को राष्ट्रीय पहचान मिली है। इससे प्रदेशवासियों का उत्साह बढ़ा है और अन्य क्षेत्रों को भी सकारात्मक कार्यों की प्रेरणा मिली है।

पौधरोपण और स्वास्थ्य शिविर भी आयोजित

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पुष्प वाटिका में रुद्राक्ष का पौधा रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम स्थल पर आयोजित स्वास्थ्य शिविर में नागरिकों की स्वास्थ्य जांच के साथ गैर-संचारी रोगों की स्क्रीनिंग भी की गई।

इस अवसर पर पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, छत्तीसगढ़ वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा, छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह, नगर निगम महापौर मंजूषा भगत एवं सभापति हरमिंदर टिन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button