Development Gift : जोकारी को 29.32 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, 19 गांवों की बिजली व्यवस्था होगी मजबूत
जशपुर के दूरस्थ अंचलों में विकास को गति देने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने किया लोकार्पण और भूमिपूजन, सामाजिक भवन से लेकर मिनी स्टेडियम तक कई घोषणाएं

जशपुर। दूरस्थ गांवों तक विकास की रोशनी पहुंचाने के संकल्प के साथ मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर जिले के कुनकुरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम जोकारी में 29 करोड़ 32 लाख 84 हजार रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी। लोक निर्माण विभाग एवं सेतु विभाग के पांच कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करते हुए मुख्यमंत्री ने स्पष्ट संदेश दिया कि विकास की योजनाएं अब शहरों तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि वनांचल और अंतिम छोर पर बसे गांवों तक भी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जाएंगी।
कार्यक्रम में 6 करोड़ 55 लाख 53 हजार रुपये की लागत से निर्मित एक कार्य का लोकार्पण तथा 22 करोड़ 77 लाख 31 हजार रुपये की लागत से चार कार्यों का भूमिपूजन किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, बिजली और अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार ग्रामीण जीवन को बेहतर बनाने के साथ शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और रोजगार के नए अवसर भी पैदा करेगा।
19 गांवों को मिलेगी बेहतर बिजली, 4.45 करोड़ के विद्युत उपकेंद्र शुरू
क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए सबसे बड़ी राहत दो नए विद्युत उपकेंद्रों के लोकार्पण से मिलने जा रही है। ग्राम काईकछार और बालाछापर में कुल 4 करोड़ 45 लाख रुपये की लागत से निर्मित 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्रों का शुभारंभ किया गया।
काईकछार उपकेंद्र से नौ गांवों तथा बालाछापर उपकेंद्र से दस गांवों को लाभ मिलेगा। इस तरह कुल 19 गांवों की बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी। उपकेंद्रों के संचालन से ग्रामीणों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण बिजली मिलने की उम्मीद है। इसका लाभ घरेलू उपभोक्ताओं के साथ खेती-किसानी और ग्रामीण गतिविधियों को भी मिलेगा।
सामाजिक भवन, महतारी सदन और मिनी स्टेडियम की सौगात
मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों की मांग पर ग्राम बनकम्बो में चीक समाज के लिए 50 लाख रुपये की लागत से सामाजिक भवन निर्माण की घोषणा की। वहीं ग्राम जोकारी में 30 लाख रुपये की लागत से महतारी सदन बनाया जाएगा।
युवाओं को खेल के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए जोकारी में मिनी स्टेडियम एवं खेल मैदान निर्माण की भी घोषणा की गई। इन घोषणाओं से क्षेत्र में सामाजिक गतिविधियों, महिला सहभागिता और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए नए अवसर तैयार होंगे।
गांवों तक विकास पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के प्रत्येक गांव तक विकास की सुविधाएं पहुंचाना है। दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क संपर्क, बिजली और सामाजिक अधोसंरचना मजबूत होने से ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।
उन्होंने कहा कि गांवों की खुशहाली और समृद्धि ही विकसित छत्तीसगढ़ की मजबूत नींव है। इसी सोच के साथ राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रही है। जोकारी और आसपास के गांवों को मिली यह सौगात क्षेत्र के विकास को नई गति देने वाली साबित होगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष सालिक साय, पूर्व विधायक रोहित साय, उपेंद्र यादव, पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा, कलेक्टर रोहित व्यास, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Live Cricket Info


