‘युवा भारत’ थीम पर सजेगा रायपुर साहित्य उत्सव, 8 से 10 जनवरी तक देशभर के साहित्यकार जुटेंगे, CM विष्णु भैया ने किया प्रतीक चिह्न का अनावरण, जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य को मिलेगा विशेष मंच

रायपुर। छत्तीसगढ़ की साहित्यिक और सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर नई ऊंचाई देने की तैयारी है। राजधानी रायपुर में आगामी 8 से 10 जनवरी 2027 तक रायपुर साहित्य उत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष उत्सव की थीम ‘युवा भारत’ रखी गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को मुख्यमंत्री निवास में वरिष्ठ साहित्यकारों की मौजूदगी में उत्सव के प्रतीक चिह्न का अनावरण और पोस्टर विमोचन कर आयोजन की औपचारिक घोषणा की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ साहित्य, कला, संस्कृति और लोक परंपराओं की दृष्टि से समृद्ध प्रदेश है। यहां की भाषाओं, बोलियों, लोककथाओं, गीत-संगीत और साहित्य में प्रदेश के जनजीवन तथा सांस्कृतिक चेतना की झलक मिलती है। रायपुर साहित्य उत्सव इन परंपराओं को देश-दुनिया तक पहुंचाने के साथ साहित्यिक संवाद और नई पीढ़ी को साहित्य से जोड़ने का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
पिछले आयोजन से मिली ऊर्जा, इस बार और भव्य तैयारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले वर्ष राज्य स्थापना के रजत जयंती वर्ष में सीमित समय में रायपुर साहित्य उत्सव आयोजित किया गया था, जिसे साहित्यकारों और आयोजन समिति के सामूहिक प्रयासों से अच्छी सफलता मिली। इस बार आयोजन को और व्यापक, भव्य तथा गरिमामय स्वरूप देने की तैयारी है।
उन्होंने कहा कि रायपुर साहित्य उत्सव को देश के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में विशिष्ट पहचान दिलाने का प्रयास किया जाएगा। यह मंच केवल साहित्यिक गतिविधियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विचारों के आदान-प्रदान, सांस्कृतिक विविधता के सम्मान और रचनात्मक संभावनाओं के विस्तार का माध्यम बनेगा।
जनजातीय भाषाओं और लोक साहित्य पर रहेगा विशेष फोकस
छत्तीसगढ़ की गोंडी, हल्बी, कुड़ुख और सादरी जैसी जनजातीय भाषाओं एवं बोलियों में पीढ़ियों से संचित लोकज्ञान, कथाएं और सांस्कृतिक परंपराएं मौजूद हैं। मुख्यमंत्री ने इनके संरक्षण, संवर्धन और दस्तावेजीकरण पर विशेष जोर देते हुए कहा कि साहित्य उत्सव में जनजातीय साहित्य, लोकभाषाओं और पारंपरिक रचनात्मक अभिव्यक्तियों को प्रमुख स्थान दिया जाना चाहिए।
इससे प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता को व्यापक पहचान मिलने के साथ नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और विरासत से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
युवाओं और नए रचनाकारों को मिलेगा बड़ा मंच
‘युवा भारत’ थीम के जरिए साहित्य उत्सव में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। उभरते लेखक, कवि और रचनाकार अपनी प्रतिभा प्रदर्शित कर सकेंगे तथा स्थापित साहित्यकारों से संवाद और मार्गदर्शन प्राप्त कर सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ में साहित्यिक और रचनात्मक प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें उचित अवसर और व्यापक मंच देने की है। रायपुर साहित्य उत्सव नई प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और प्रदेश में साहित्यिक गतिविधियों को नई गति देने में अहम भूमिका निभा सकता है।
साहित्यकारों ने दिए आयोजन को विस्तार देने के सुझाव
बैठक में वरिष्ठ साहित्यकारों, कवियों और रचनाकारों ने पिछले आयोजन के अनुभव साझा किए तथा आगामी उत्सव को और प्रभावशाली बनाने के सुझाव दिए। साहित्यकारों ने साहित्य, कला और संस्कृति को प्रोत्साहन देने की राज्य सरकार की पहल की सराहना करते हुए आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहभागिता का भरोसा दिलाया।
मुख्यमंत्री ने सभी साहित्यकारों और आयोजन समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से रायपुर साहित्य उत्सव छत्तीसगढ़ की साहित्यिक एवं सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।

Live Cricket Info


