
रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस और राज्योत्सव 2026 के अवसर पर राज्य सरकार ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली प्रतिभाओं और संस्थाओं को राज्य अलंकरण से सम्मानित करने की घोषणा की है। कला, साहित्य, संस्कृति, पत्रकारिता, खेल, समाजसेवा, कृषि, शिक्षा, आदिवासी कल्याण और जनसेवा सहित कई क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वालों के नामों की सूची जारी की गई है।
इस वर्ष राज्य अलंकरण समारोह में प्रसिद्ध पंडवानी गायिका तीजन बाई और संत रविदास के नाम पर दो नए सम्मान भी शुरू किए गए हैं। संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से पुरस्कारों की जानकारी साझा की। उपलब्ध कराई गई सूची में कुल 36 क्रमांक दर्ज हैं। इनमें कुछ श्रेणियों में एक से अधिक व्यक्तियों को सम्मानित किया जाना है।
तीजन बाई और संत रविदास के नाम पर नए सम्मान
इस वर्ष शुरू किए गए नए अलंकरणों में डॉ. तीजन बाई सम्मान पंडवानी कला के क्षेत्र में योगदान के लिए चेतन लाल देवांगन, पोड़ी, जिला दुर्ग को दिया जाएगा। वहीं संत रविदास सम्मान सामाजिक समानता और साहित्य एवं कला के क्षेत्र में योगदान के लिए जगदीश प्रसाद देशमुख, जिला बालोद को प्रदान किया जाएगा।
इन दोनों सम्मानों के जरिए प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में योगदान देने वाली प्रतिभाओं को सम्मानित किया जाएगा।
पत्रकारिता के क्षेत्र में इन नामों का हुआ चयन
राज्य अलंकरण सूची में पत्रकारिता के क्षेत्र के लिए भी विशेष पुरस्कार रखे गए हैं। पं. चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार के अंतर्गत प्रिंट मीडिया हिन्दी श्रेणी में प्रभात कुमार साहू, रायपुर का चयन किया गया है।
इलेक्ट्रॉनिक मीडिया हिन्दी श्रेणी में प्रथम पुरस्कार वरुण सखाजी और द्वितीय पुरस्कार रसिका पांडेय, रायपुर को दिया जाएगा। वहीं प्रिंट मीडिया अंग्रेजी श्रेणी में मधुकर खेर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार शिशिर राय चौधरी, रायपुर को प्रदान किया जाएगा।
साहित्य, कला और संस्कृति के क्षेत्र में भी सम्मान
पं. सुंदरलाल शर्मा सम्मान डॉ. बिहारीलाल साहू, रायगढ़ को दिया जाएगा। राजश्री महंत वैष्णवदास जी महाराज संस्कृत भाषा सम्मान के लिए डॉ. बहुरन सिंह पटेल, रायपुर का चयन हुआ है। लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार दुर्गा प्रसाद पारकर, दुर्ग को मिलेगा।
कला एवं संस्कृति के क्षेत्र में हबीब तनवीर सम्मान डॉ. पुरुषोत्तम चन्द्राकर, चक्रधर सम्मान डॉ. एम. श्रीराम मूर्ति और दाऊ मंदराजी सम्मान रेखा जलक्षत्री को प्रदान किया जाएगा। खुमान साव सम्मान के लिए चंद्रभूषण वर्मा का चयन किया गया है।
खेल, समाजसेवा और जनकल्याण के लिए भी चयन
खेल के क्षेत्र में गुण्डाधुर सम्मान संजू देवी तथा महाराजा प्रवीरचंद भंजदेव सम्मान टोमन कुमार को दिया जाएगा। महिला उत्थान के क्षेत्र में मिनीमाता सम्मान लोक आस्था सेवा संस्थान को प्रदान किया जाएगा।
सामाजिक चेतना एवं अनुसूचित जाति उत्थान के क्षेत्र में गुरु घासीदास सम्मान सुखचंद भास्कर को दिया जाएगा। सहकारिता के क्षेत्र में ठाकुर प्यारेलाल सिंह पुरस्कार प्राथमिक कृषक बहुउद्देशीय सहकारी समिति मर्यादित, चिचोली को मिलेगा।
इसके अलावा कृषि, मत्स्य पालन, श्रम, आदिवासी सेवा, अपराध अनुसंधान, ग्रामीण पर्यटन, चिकित्सा शिक्षा और सामाजिक समरसता सहित अनेक क्षेत्रों में चयन किया गया है। राज्य अलंकरण समारोह के माध्यम से प्रदेश की उन प्रतिभाओं और संस्थाओं को सार्वजनिक सम्मान दिया जाएगा, जिन्होंने अपने कार्यों से समाज और राज्य के विकास में योगदान दिया है।
राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर होने वाला यह अलंकरण समारोह छत्तीसगढ़ की कला, संस्कृति, साहित्य, पत्रकारिता और सामाजिक उपलब्धियों को सम्मान देने का महत्वपूर्ण अवसर होगा।

Live Cricket Info