
सुशांत शुक्ला की ध्वज यात्रा 200 किमी पूरी, रतनपुर में महामाया के दरबार में समापन

बिलासपुर/रतनपुर। नवरात्र की षष्ठी तिथि पर बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला की ध्वज यात्रा ने 200 किलोमीटर की दूरी पूरी कर ली। रविवार की शाम यह यात्रा रतनपुर पहुंची, जहां मां महामाया के दर्शन कर इसका समापन हुआ। इस अवसर पर प्रदेश के वनमंत्री केदार कश्यप भी पदयात्रा में शामिल हुए और पदयात्रियों के साथ मंदिर में पूजा-अर्चना की।

मन की बात” से हुई यात्रा की शुरुआत
रविवार सुबह 11 बजे विधायक सुशांत शुक्ला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सुना। इसके बाद यात्रा के छठवें दिन का शुभारंभ हुआ। यह यात्रा सेंदरी लोफंदी, अमतरा, पेंडरवा, रानीगांव और मदनपुर होते हुए रात आठ बजे रतनपुर के महामाया मंदिर पहुंची।

वनमंत्री कश्यप भी बने सहभागी
वनमंत्री केदार कश्यप ध्वज यात्रा में शामिल होने विशेष रूप से पहुंचे। उन्होंने पदयात्रियों के साथ पैदल चलकर मंदिर में देवी का आशीर्वाद लिया। विधायक शुक्ला ने उन्हें चुनरी भेंट की। मंत्री कश्यप ने ध्वज यात्रा की सराहना करते हुए कहा कि नवरात्रि काल में पदयात्रा करना कठिन साधना है। मां महामाया देवी इस यात्रा से पूरे प्रदेश में सनातन संस्कृति की अविरल धारा प्रवाहित करें, यही कामना है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की शुभकामनाएं
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने विधायक सुशांत शुक्ला को फोन कर ध्वज यात्रा की सफलता पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह यात्रा पूरे नवरात्रि काल में प्रदेशभर में चर्चा का विषय बनी रही। गांव, गली और मोहल्लों से होकर देवी मंदिरों व शक्तिपीठों तक पैदल चलना अत्यंत उल्लेखनीय कदम है।
विधायक शुक्ला ने जताया आभार
यात्रा के समापन पर विधायक शुक्ला ने कहा कि आदिशक्ति महामाया देवी प्रदेश और बेलतरा विधानसभा के सभी क्षेत्रवासियों को सुख-समृद्धि और दीर्घायु जीवन प्रदान करें। उन्होंने बताया कि लोगों के सहयोग से 171 किलोमीटर की यात्रा का संकल्प 200 किलोमीटर से अधिक पूरा हुआ। उन्होंने कहा कि विकसित बेलतरा का यह सुशासन रथ आगे भी क्षेत्र में विकास के रास्ते खोलता रहेगा।

Live Cricket Info


Leave a Reply