
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सहायक शिक्षक भर्ती का इंतजार कर रहे डीएड (D.Ed) अभ्यर्थियों का आक्रोश एक बार फिर सामने आया है। राजधानी रायपुर में आज सुबह बड़ी संख्या में डीएड अभ्यर्थियों ने शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के बंगले में पहुंचकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ बंगले के अंदर बैठकर धरना दे रहे हैं। उनकी प्रमुख मांग है कि 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए और सरकार नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित करे।
321 दिनों से जारी है अभ्यर्थियों का आंदोलन
जानकारी के मुताबिक, डीएड अभ्यर्थी पिछले 321 दिनों से नियुक्ति की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। लंबे समय से प्रदर्शन और मांगों पर ठोस निर्णय नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। इसी के चलते अब उन्होंने सीधे शिक्षा मंत्री के बंगले पहुंचकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है।
मंत्री बंगले में परिजनों के साथ धरने पर बैठे अभ्यर्थी
प्रदर्शनकारी अभ्यर्थी अपने परिवार के सदस्यों के साथ बंगले के अंदर ही धरने पर बैठ गए हैं। उनका कहना है कि 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति को लेकर अब केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस निर्णय और निश्चित समयसीमा चाहिए।
मौके पर पहुंचा भारी पुलिस बल, SDM भी मौजूद
मंत्री बंगले में प्रदर्शन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। एसडीएम समेत प्रशासनिक अधिकारी भी स्थिति संभालने के लिए बंगले पहुंचे हैं। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार अभ्यर्थियों तथा उनके परिजनों को समझाने का प्रयास कर रहे हैं।
शिक्षा मंत्री बंगले में नहीं, नियुक्ति की तारीख पर अड़े अभ्यर्थी
बताया जा रहा है कि प्रदर्शन के दौरान शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव बंगले में मौजूद नहीं हैं। वहीं, अभ्यर्थी अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। उनका स्पष्ट कहना है कि जब तक 2300 सहायक शिक्षक पदों पर नियुक्ति की निश्चित तारीख घोषित नहीं की जाती, तब तक उनका धरना समाप्त नहीं होगा।
फिलहाल शिक्षा मंत्री के बंगले में डीएड अभ्यर्थियों और उनके परिजनों का प्रदर्शन जारी है। अब देखना होगा कि सरकार और शिक्षा विभाग की ओर से इस मामले में क्या कदम उठाया जाता है।

Live Cricket Info

