विष्णु भैया की सरकार का किसानों को बड़ा तोहफा ! 3 दिन में खाते में आएगा फसल बीमा का पैसा, किसानों को मिलेगी राहत

रायपुर। छत्तीसगढ़ के किसानों के लिए राहत भरी खबर है। रबी सीजन 2025 के अंतर्गत उद्यानिकी फसलों के लंबित बीमा क्लेम का भुगतान अगले तीन कार्य दिवस के भीतर करने के निर्देश दिए गए हैं। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री रामविचार नेताम ने विभागीय और बीमा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि पात्र किसानों के बैंक खातों में लंबित स्वीकृत बीमा राशि तय समय-सीमा में पहुंचाई जाए। इस फैसले से प्रदेश के 8,444 किसानों को लगभग 3.8 करोड़ रुपये मिलने का रास्ता साफ हुआ है।
किसानों ने बताई समस्या, मंत्री ने अगले ही दिन बुलाई बैठक
किसानों की शिकायत के बाद कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने इस मामले में तत्काल पहल की। 15 अक्टूबर 2026 को राजनांदगांव जिले के डोंगरगांव विकासखंड अंतर्गत ग्राम चिद्दों के भ्रमण के दौरान किसानों ने उनसे उद्यानिकी फसलों के बीमा क्लेम का भुगतान नहीं होने की शिकायत की थी।
किसानों ने लंबित बीमा राशि दिलाने का आग्रह किया। इसके बाद मंत्री ने 16 अक्टूबर को विभागीय अधिकारियों और बीमा कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि स्वीकृत क्लेम का भुगतान आगामी तीन कार्य दिवस के भीतर हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
10,514 किसानों ने किए थे आवेदन, 8,444 के क्लेम स्वीकृत
विभागीय और बीमा अधिकारियों के अनुसार, पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के अंतर्गत रबी सीजन 2025 में कुल 10,514 किसानों ने 15,298 आवेदन प्रस्तुत किए थे। जांच के बाद इनमें से 8,444 किसानों के 14,344 आवेदन स्वीकृत किए गए हैं।
स्वीकृत प्रकरणों के तहत किसानों को लगभग 3.8 करोड़ रुपये की बीमा राशि का भुगतान किया जाना है। यह राशि पात्र किसानों को उनकी बीमित उद्यानिकी फसलों से संबंधित स्वीकृत क्लेम के आधार पर मिलेगी।
टमाटर, बैंगन, गोभी और आलू जैसी फसलें शामिल
योजना के तहत प्रदेश के किसानों ने टमाटर, बैंगन, गोभी, प्याज और आलू सहित विभिन्न उद्यानिकी फसलों का बीमा कराया था। इन फसलों से जुड़े लंबित स्वीकृत क्लेम का भुगतान होने से संबंधित किसानों को आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है।
अब तीन कार्य दिवस में भुगतान पर नजर
कृषि मंत्री के निर्देश के बाद अब संबंधित विभाग और बीमा अधिकारियों के सामने निर्धारित समय-सीमा में भुगतान सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी है। किसानों को उम्मीद है कि लंबे समय से लंबित बीमा राशि जल्द उनके खातों में पहुंचेगी।

Live Cricket Info
