गांव में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, तलवार और धारदार हथियार से हमला — दो गंभीर घायल
जांजगीर–चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत धाराशिव गांव में शनिवार रात दो पक्षों के बीच मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। तलवार और धारदार हथियार से लैस होकर दोनों पक्ष आमने–सामने भिड़ गए। इस खूनी संघर्ष में एक–एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिन्हें बिलासपुर अस्पताल रेफर किया गया है। गांव में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है, जिससे पूरा इलाका छावनी में तब्दील हो गया है।
???? विवाद की शुरुआत और हिंसा की चिंगारी
घटना जांजगीर–चांपा जिला मुख्यालय से महज 10 किलोमीटर दूर धाराशिव गांव की है। जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम को अभिषेक गोस्वामी और जितेश राठौर के बीच किसी मामूली बात को लेकर कहासुनी हुई। स्थिति बिगड़ते देख गांववालों ने किसी तरह मामला शांत कराया। लेकिन देर रात आशुतोष गोस्वामी अपने साथियों के साथ विवाद सुलझाने जितेश राठौर के घर की ओर निकले।
इसी दौरान रास्ते में दिग्विजय राठौर और उसके सहयोगी फिर से जितेश राठौर, दिलीप और दिनेश राठौर से भिड़ गए। आरोप है कि आरोपियों ने गाली–गलौच और जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान दोनों गुट आमने–सामने हो गए और हाथों में लिए डंडे, स्टंप, और धारदार हथियार से एक–दूसरे पर हमला कर दिया। इस हिंसक झड़प में दिनेश राठौर और अभिषेक गोस्वामी गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
????️ उमेश कुमार कश्यप, एडिशनल एसपी जांजगीर–चांपा
“घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बिलासपुर रेफर किया गया है। मामले में बलवा और हत्या की कोशिश की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। दोनों पक्षों से छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। हिंसा में प्रयुक्त हथियार जब्त किए गए हैं।“
???? गांव में सन्नाटा, पुलिस बल तैनात
घटना के बाद गांव का एक पूरा वार्ड सन्नाटे में डूब गया है। पुलिस ने एहतियातन रात से ही गांव में फोर्स तैनात कर दिया है ताकि आगे कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो। फिलहाल गांव में शांति बनी हुई है, लेकिन पुलिस सतर्क है।

Live Cricket Info
