✖
🔔

प्रखरभूमि न्यूज़

प्रखरभूमि में बेहतरीन खबरों को तुरंत पाने के लिए अभी सब्सक्राइब करें।

📊 12,000+ पाठक पहले ही जुड़ चुके हैं
अपराधकानूनकोरबाछत्तीसगढ़

नशे में युवक का सड़क पर उत्पातः वीडियो वायरल, राहगीरों को मारी टक्कर, युवतियों पर किए कमेंट

कोरबा 5 अगस्त। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर में शराब के नशे में धुत एक युवक ने एक्टिवा से सड़क पर जमकर उत्पात मचाया। युवक कुआं भठा स्थित शराब दुकान से लेकर मानिकपुर चौकी क्षेत्र होते हुए सोनालिया फाटक तक अनियंत्रित तरीके से वाहन चलाता रहा। इस दौरान उसने कई वाहन चालकों को टक्कर मारी और युवतियों पर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणियां भी कीं। युवक की हरकतों से सड़क पर काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने घेराबंदी कर युवक को पकड़ लिया।

जानकारी के मुताबिक, युवक नशे में इतना धुत था कि वह एक्टिवा को ठीक से नियंत्रित नहीं कर पा रहा था। वह कई बार सड़क पर गिरते-गिरते बचा। इस दौरान उसकी एक्टिवा कई वाहन चालकों से टकराई। राहगीर युवक से बचने के लिए सड़क के किनारे होते नजर आए। बताया जा रहा है कि युवक रास्तेभर लोगों से बहस और कथित तौर पर अभद्रता करता रहा। उसकी हरकतों के चलते राहगीरों और अन्य वाहन चालकों में दहशत का माहौल बन गया।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

जानकारी के मुताबिक, सोनालिया चौक के पास युवक की एक्टिवा एक कार से टकरा गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन युवक एक्टिवा लेकर वहां से भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा किया। कुछ दूर जाने के बाद युवक बंद रेलवे फाटक पर फंस गया, जिसके बाद पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।

  उरगा में अवैध उर्वरक भंडारण पर कृषि विभाग की कार्रवाई, 100 बोरी यूरिया जब्त

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक शराब के नशे में टीपी नगर चौक से सोनालिया चौक की ओर वाहन चलाते हुए उत्पात मचा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान निशु शर्मा, निवासी उरगा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी रास्ते में कई लोगों से अभद्रता करते हुए वाहन चला रहा था।

पुलिस ने आरोपी की एक्टिवा जब्त कर ली है। उसके खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की गई है। यह धारा शराब या अन्य नशीले पदार्थ के प्रभाव में वाहन चलाने से संबंधित है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने भी स्पष्ट किया है कि सड़क पर नशे की हालत में वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। वीडियो में युवक के अनियंत्रित तरीके से वाहन चलाने और सड़क पर लोगों से उलझने की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं। पुलिस की कार्रवाई के बाद अब मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।

Live Cricket Info

Related Articles

Back to top button