
दुर्ग। छत्तीसगढ़ की राजनीति से दुखद खबर सामने आई है। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा का 78 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, हैदराबाद में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से भाजपा सहित प्रदेश के राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है। पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है।
हैदराबाद में चल रहा था उपचार
डोमन लाल कोर्सेवाड़ा का हैदराबाद में इलाज चल रहा था। उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। रिपोर्ट के मुताबिक, दो दिन पहले छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने अस्पताल पहुंचकर उनसे मुलाकात की थी और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली थी। हालांकि, उपचार के दौरान उनकी स्थिति में सुधार नहीं हो सका।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जताया शोक
विधायक डोमन लाल कोर्सेवाड़ा के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंहदेव ने शोक व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन को भाजपा और छत्तीसगढ़ की राजनीति के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है।
शिक्षक से विधायक तक का सफर
राजनीति में आने से पहले डोमन लाल कोर्सेवाड़ा शिक्षक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके थे। बाद में उन्होंने राजनीति में कदम रखा और अहिवारा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। भाजपा विधायक के तौर पर क्षेत्र की राजनीति में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
उनके निधन से अहिवारा क्षेत्र में शोक का माहौल है। भाजपा कार्यकर्ताओं और उनके समर्थकों के बीच भी दुख की लहर है।

Live Cricket Info
