छत्तीसगढ़बड़ी ख़बरराजकाजरायपुर🏙️ राज्य व शहर

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव का कल से होगा भव्य आगाज : 3 नवंबर को अमित शाह करेंगे समापन, 2 नवंबर को सेंध लेक में दिखेगा वायुसेना का शौर्य

‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर तीन दिन सजेगा उत्सव, पलक मुच्छल और अभिजीत भट्टाचार्य की प्रस्तुतियों के साथ दिखेगी छत्तीसगढ़ की संस्कृति और विकास की झलक

रायपुर, 31 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश में तीन दिवसीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन कल यानी 1 नवंबर से शुरू होने जा रहा है। नवा रायपुर अटल नगर के ग्राम तूता स्थित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी उद्योग एवं व्यापार परिसर, मेला ग्राउंड में 1 से 3 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस उत्सव में छत्तीसगढ़ की समृद्ध संस्कृति, लोककला, पारंपरिक शिल्प और विकास की उपलब्धियों की झलक देखने को मिलेगी। इस वर्ष राज्योत्सव की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रखी गई है।

राज्योत्सव के शुभारंभ समारोह में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री मनसुख मांडविया मुख्य अतिथि होंगे। 2 नवंबर को राज्यपाल रमेन डेका के मुख्य आतिथ्य में कार्यक्रम आयोजित होगा, जबकि 3 नवंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह समापन समारोह के मुख्य अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी आयोजन में शामिल होंगे।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

सेंध लेक में पांच हेलीकॉप्टरों का एयर शो, आसमान में दिखेगा रोमांच

राज्योत्सव का सबसे खास आकर्षण 2 नवंबर को सुबह 11 बजे नवा रायपुर के सेंध लेक क्षेत्र में आयोजित होने वाला भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का एयर शो होगा। टीम पांच स्वदेशी ध्रुव हेलीकॉप्टरों के साथ आसमान में आकर्षक हवाई संरचनाओं और रोमांचक करतबों का प्रदर्शन करेगी।

ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व वाली सारंग टीम में महिला पायलट स्क्वाड्रन लीडर अंकिता और स्क्वाड्रन लीडर अक्षया भी शामिल हैं। हेलीकॉप्टरों का सटीक तालमेल और सामूहिक हवाई प्रदर्शन दर्शकों के लिए यादगार अनुभव होगा।

पलक मुच्छल और अभिजीत भट्टाचार्य की आवाज से सजेगी सांस्कृतिक संध्या

राज्योत्सव के तीनों दिन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम रहेगी। प्रतिदिन शाम 4 बजे से स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियां शुरू होंगी। शाम 7 बजे राज्य स्तरीय कलाकार और रात 8 बजे राष्ट्रीय स्तर के कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

कार्यक्रम के अनुसार :

  • 1 नवंबर : पार्श्व गायिका पलक मुच्छल की प्रस्तुति।
  • 2 नवंबर : पार्श्व गायिका स्वस्ति मेहुल की प्रस्तुति।
  • 3 नवंबर : पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य की प्रस्तुति।
  डोकरमना सचिव शिव रतन को हटाने अब रामपुर विधायक ने भी लिखा पत्र

छत्तीसगढ़ के लोकगीत, लोकनृत्य और पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आयोजन का हिस्सा होंगी।

विकास प्रदर्शनियों में दिखेंगी सरकारी योजनाएं और उपलब्धियां

राज्योत्सव परिसर में विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। इनमें शासन की प्रमुख योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी। ईज ऑफ डूइंग बिजनेस, मानव पूंजी विकास, विकसित भारत और अंजोर छत्तीसगढ़ मिशन जैसे विषयों पर केंद्रित प्रदर्शनियां प्रदेश की विकास यात्रा और भविष्य की संभावनाओं को प्रदर्शित करेंगी।

शिल्पग्राम में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और स्थानीय कारीगरों के हुनर को देखने का अवसर मिलेगा। राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से 40 राज्य स्तरीय अलंकरण एवं पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।

अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को किया जाएगा याद

छत्तीसगढ़ का गठन 1 नवंबर 2000 को पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में हुआ था। राज्योत्सव उनके ऐतिहासिक योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने और राज्य निर्माण से जुड़ी जनआकांक्षाओं को सम्मान देने का अवसर भी है। आयोजन में विकसित भारत के संकल्प के साथ छत्तीसगढ़ की भूमिका और संभावनाओं को भी रेखांकित किया जाएगा।

सभी जिला मुख्यालयों में 2 नवंबर को मनेगा राज्योत्सव

नवा रायपुर में होने वाले राज्य स्तरीय आयोजन के साथ प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में भी 2 नवंबर को राज्योत्सव कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विकास प्रदर्शनियों के माध्यम से स्थानीय संस्कृति, प्रतिभाओं, सरकारी योजनाओं और जिलों की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

तीन दिनों तक चलने वाला राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत, विकास की उपलब्धियों और जनभागीदारी का उत्सव बनेगा। ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ की थीम के जरिए महिला सशक्तिकरण और युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा तथा नवाचार को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया जाएगा।

प्रखरभूमि | रायपुर

Live Cricket Info

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Back to top button