
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आध्यात्मिक और सांस्कृतिक गौरव का ऐतिहासिक क्षण देखने को मिला। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने 22 अक्टूबर को लोक भवन के छत्तीसगढ़ मंडपम में पूज्य माता हासी देवी जी के सम्मान में 200 रुपये का स्मारक सिक्का जारी किया। इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी उपस्थित रहे। पूज्य शदाणी दरबार की पांचवीं पीठाधीश माता साहिब हासी देवी की 200वीं जयंती के अवसर पर जारी यह सिक्का सिंधी समाज के लिए विशेष महत्व रखता है।
सिंधी समाज के लिए गौरव का ऐतिहासिक अवसर
भारत सरकार के वित्त मंत्रालय द्वारा जारी इस स्मारक सिक्के को माता हासी देवी जी के आध्यात्मिक योगदान और उनके जीवन-मूल्यों के सम्मान के रूप में देखा जा रहा है। यह अवसर देश-विदेश में रहने वाले करोड़ों सिंधी समाज के लोगों के लिए गर्व और गौरव का विषय है। स्मारक सिक्के के माध्यम से माता हासी देवी जी की स्मृतियों और उनके विचारों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
सिक्के पर अंकित है माता हासी देवी जी की छवि
भारत सरकार द्वारा जारी विशेष स्मारक सिक्के पर पूज्य माता हासी देवी जी की छवि अंकित की गई है। सिक्के के दूसरी ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष और 200 रुपये का मूल्यवर्ग दर्शाया गया है। यह सिक्का उनके आध्यात्मिक जीवन और समाज के प्रति योगदान को स्मरण करने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
स्मारक सिक्के के अनावरण के बाद श्रद्धालु और सिक्का संग्रहकर्ता इसे शदाणी दरबार की विभिन्न इकाइयों के माध्यम से बुक कर सकेंगे।
संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने दिया स्वागत उद्बोधन
कार्यक्रम में पूज्य शदाणी दरबार रायपुर के पीठाधीश संत डॉ. युधिष्ठिर लाल ने स्वागत उद्बोधन दिया। आयोजन में आध्यात्मिक परंपरा, समाज की विरासत और माता हासी देवी जी के योगदान को याद किया गया।
राज्यपाल, मुख्यमंत्री सहित कई प्रमुख हस्तियां रहीं मौजूद
इस अवसर पर राज्यपाल रमेन डेका, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, राज्य की प्रथम महिला रानी डेका काकोटी, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक पुरंदर मिश्रा, सुनील सोनी और मोतीलाल साहू उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य सचिव विकासशील, पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी. आर. प्रसन्ना सहित वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए।
इसके अलावा पूज्य शदाणी दरबार के सदस्य, देशभर से आए जनप्रतिनिधि और सिंधी समाज के प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की। माता हासी देवी जी की 200वीं जयंती पर स्मारक सिक्का जारी होना उनकी आध्यात्मिक विरासत को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

Live Cricket Info

