
कोरबा 13 सितंबर। एनटीपीसी जमनीपाली के धनरास राखड़ डेम में राखड़ सप्लाई लाइन के लिए इस्तेमाल किए जाने वाले पुराने लोहे के पाइप चोरी होने का मामला सामने आया है। स्टॉक में रखे छोटे-बड़े 9 नग लोहे के पाइप, जिनका वजन करीब 2500 किलो और कीमत करीब 35 हजार रुपए बताई गई है, चोरी होने की रिपोर्ट कटघोरा थाने में दर्ज कराई गई है। चोरी के पाइप एक पिकअप वाहन में लावारिस हालत में मिलने के बाद उनकी तस्दीक की गई, जिसके आधार पर पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
पुलिस को दी गई रिपोर्ट में अभय कुमार सिंह पिता धर्मनाथ सिंह (36), निवासी डोआय थाना आंदर जिला सिवान बिहार, हाल मुकाम कावेरी विहार एनटीपीसी जमनीपाली थाना दर्री, जिला कोरबा ने बताया कि 1 नवंबर 2024 से एनटीपीसी राखड़ डेम धनरास में राखड़ सप्लाई से संबंधित लोहे की पाइप रिपेयरिंग का काम उनकी कंपनी रोशनी इंटरप्राइजेस को दो वर्ष के लिए ठेके में मिला है। कंपनी को एनटीपीसी द्वारा क्षतिग्रस्त पाइप निकालकर नए पाइप लगाने का काम दिया गया है। इसके तहत राखड़ सप्लाई में इस्तेमाल होने वाले पुराने पाइपों को निकालकर धनरास राखड़ डेम में एक स्थान पर स्टॉक किया गया था।
10 सितंबर को एनटीपीसी राखड़ डेम प्रबंधन कार्यालय से कटघोरा पुलिस की कार्रवाई की जानकारी मिली। बताया गया कि थाना कटघोरा में धारा 106 बीएनएसएस के तहत एक पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 12 बीआर 1997 को जप्त किया गया है, जिसमें पुराने इस्तेमाल किए हुए लोहे के पाइप लदे हुए हैं। इसके बाद अभय कुमार सिंह ने धनरास राखड़ डेम पहुंचकर कंपनी द्वारा स्टॉक किए गए पुराने पाइपों की जांच की। जांच में स्टॉक से 9 नग छोटे-बड़े लोहे के पाइप गायब मिले। इनका वजन करीब 2500 किलो बताया गया। अभय कुमार सिंह कटघोरा थाना पहुंचे और वहां जप्त पिकअप वाहन को देखा। वाहन में भरे पाइपों की पहचान करते हुए उन्होंने बताया कि ये वही पुराने इस्तेमाल किए हुए पाइप हैं, जिन्हें उनकी कंपनी ने एनटीपीसी राखड़ डेम से निकालकर स्टॉक किया था।
रिपोर्ट के अनुसार, 9 सितंबर 2026 को दोपहर 12 बजे से शाम 7 बजे के बीच पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 12 बीआर 1997 के चालक द्वारा एनटीपीसी धनरास राखड़ डेम में राखड़ सप्लाई में इस्तेमाल किए गए पुराने लोहे के पाइपों को चोरी कर ले जाने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता ने पुलिस से करीब 2500 किलो वजन के 9 पाइप, कीमत लगभग 35 हजार रुपए चोरी होने के मामले में कार्रवाई की मांग की।
पाइपों की तस्दीक के बाद कटघोरा पुलिस ने अभय कुमार सिंह की रिपोर्ट पर पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 12 बीआर 1997 के चालक के विरुद्ध धारा 303(2) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

Live Cricket Info
