एसडीएम और कृषि कार्यालय से चोरों ने किया सामान पार

कोरबा 06 जुलाई। कटघोरा थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें खाकी का खौफ बिल्कुल नहीं रहा। पुलिस थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर स्थित तहसील कार्यालय प्रांगण के भीतर बने दो बड़े सरकारी दफ्तरों को चोरों ने निशाना बनाया है। चोरों ने एसडीएम कार्यालय और कृषि विभाग कार्यालय से करीब 5 एसी के आउटडोर यूनिट चोरी कर लिए हैं।

जानकारी के अनुसार, चोरों ने सिलसिलेवार ढंग से इस वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए एसडीएम कार्यालय से 2 एसी आउटडोर यूनिट पार कर दिए। इस पहली चोरी के बाद भी सुरक्षा के कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए, जिसका फायदा उठाकर चोरों ने ठीक बगल में स्थित कृषि विभाग कार्यालय पर धावा बोला और वहां से 3 और एसी आउटडोर यूनिट उखाड़ ले गए। हैरानी की बात यह है कि तहसील प्रांगण कटघोरा थाने से महज 100 मीटर की दूरी पर है। इतने संवेदनशील और सुरक्षित माने जाने वाले इलाके में लगातार दो दिन तक चोरी होना पुलिस की रात्रि गश्त और पेट्रोलिंग पर गंभीर सवालिया निशान खड़े कर रहा है। क्षेत्र में चोरों का आतंक सिर्फ सरकारी दफ्तरों तक ही सीमित नहीं है। आज ही एक अन्य मामले में सिंघिया इलाके से चोर एक सुरंग (सेंध) बनाकर एक साथ 30 बकरियां ले भागे।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Live Cricket Info