
रायपुर। सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को लेकर सेरीखेड़ी और नकटी के दो मामलों की तुलना अब प्रशासनिक और राजनीतिक चर्चा का विषय बन गई है। एक ओर सेरीखेड़ी प्रकरण से जुड़े सरकारी दस्तावेजों में अतिक्रमण हटाने के बाद प्रभावित लोगों के पुनर्वास संबंधी कोई कार्रवाई नहीं होने का उल्लेख है, वहीं दूसरी ओर नकटी मामले में प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था किए जाने की पहल को सरकार की संवेदनशील कार्यशैली के रूप में देखा जा रहा है।
सेरीखेड़ी में 2018 से शुरू हुई कार्रवाई
सरकारी दस्तावेजों के अनुसार ग्राम सेरीखेड़ी, तहसील एवं जिला रायपुर स्थित खसरा क्रमांक 682, रकबा 12.128 हेक्टेयर शासकीय भूमि पर कुल 148 अतिक्रमण दर्ज थे, जिनमें लगभग 100 मकान शामिल थे। इस मामले में 4 सितंबर 2018 को छत्तीसगढ़ भू-राजस्व संहिता, 1959 की धारा 250 के तहत अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। इसके बाद 22 नवंबर 2021 को प्रकरण दर्ज किया गया, 7 जनवरी 2022 को बेदखली वारंट जारी हुआ और 7 नवंबर 2022 को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। अंततः 22 फरवरी 2023 को प्रकरण नस्तीबद्ध कर दिया गया।
दस्तावेज में पुनर्वास का नहीं है उल्लेख
इस प्रकरण से जुड़े दस्तावेज के पांचवें बिंदु में स्पष्ट उल्लेख किया गया है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बाद अतिक्रमणकारियों के व्यवस्थापन अथवा पुनर्वास से संबंधित कोई कार्रवाई नहीं की गई। यही बिंदु अब चर्चा का विषय बना हुआ है और प्रशासनिक दृष्टिकोण पर सवाल भी खड़े कर रहा है।
नकटी में अपनाया गया अलग दृष्टिकोण
इसके विपरीत नकटी प्रकरण में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के साथ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और वैकल्पिक व्यवस्था पर भी जोर दिया गया। प्रशासन ने विस्थापित परिवारों के लिए पुनर्वास संबंधी पहल करते हुए मानवीय दृष्टिकोण अपनाने का प्रयास किया, जिसकी विभिन्न स्तरों पर चर्चा हो रही है।
दो मामलों से उठे कई सवाल
दोनों मामलों की समय-सीमा और कार्रवाई की प्रक्रिया लगभग समान होने के बावजूद पुनर्वास के मुद्दे पर अपनाए गए अलग-अलग दृष्टिकोण अब बहस का विषय बन गए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि सरकारी भूमि से अतिक्रमण हटाना आवश्यक है, लेकिन इसके साथ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और सामाजिक सुरक्षा को भी समान महत्व दिया जाना चाहिए।
पुनर्वास नीति पर तेज हुई बहस
सेरीखेड़ी और नकटी के मामलों की तुलना के बाद अब यह चर्चा तेज हो गई है कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई केवल भूमि खाली कराने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और मानवीय पक्ष को भी प्रशासनिक प्रक्रिया का अभिन्न हिस्सा बनाया जाना चाहिए। यही कारण है कि दोनों मामलों के दस्तावेज अब पुनर्वास नीति और प्रशासनिक संवेदनशीलता पर नई बहस को जन्म दे रहे हैं।

Live Cricket Info


Leave a Reply