”सजग कोरबा”अभियान के तहत कोतवाली पुलिस एक्शन में
कोरबा। शहर में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “सजग कोरबा” अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने गुरुवार रात विभिन्न क्षेत्रों में सघन पेट्रोलिंग कर कई लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान शराब पीकर वाहन चलाने, सार्वजनिक स्थान पर शराब सेवन करने और अवैध शराब बिक्री करने वालों पर पुलिस ने सख्ती दिखाई।
पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस की टीम ने इमली डुग्गू, सीतामढ़ी, संजय नगर और रेलवे स्टेशन क्षेत्र में रात के समय बाइक पेट्रोलिंग कर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी।
पेट्रोलिंग के दौरान शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने पर पुलिस ने लक्ष्मी नारायण और गौतम दास के खिलाफ धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की। वहीं सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पाए जाने पर रामेश्वर साहू और भूपेंद्र पटेल के विरुद्ध 36(च) पुलिस एक्ट के तहत कार्यवाही की गई।
इसके अलावा कोतवाली पुलिस ने अवैध रूप से शराब बेचने वाले 10 लोगों के खिलाफ धारा 170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार अवैध शराब कारोबार में संलिप्त 3 व्यक्तियों पर निगरानी खोलने की प्रक्रिया भी शुरू की जा रही है। वहीं नशे के अवैध व्यापार में लिप्त संजय पावले के खिलाफ पूर्व में जिला बदर की कार्रवाई की जा चुकी है।
इसी दौरान नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन क्षेत्र में सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया गया। स्टेशन परिसर में बेवजह घूमने वाले लोगों से पूछताछ की गई और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी गई।
पुलिस का कहना है कि शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Live Cricket Info




