CG Train News:– घंटों लेट दौड़ रहीं ट्रेनें, दिन की गाड़ियां पहुंच रहीं रात में, सही सूचना नहीं मिलने से यात्री बेहाल


CG Train News:– हावड़ा, मुंबई और दिल्ली से छत्तीसगढ़ आने वाली ट्रेनें इन दिनों भारी देरी से चल रही हैं। हालात यह हैं कि जो ट्रेनें दिन के समय स्टेशन पहुंचनी थीं, वे देर रात तक पहुंच रही हैं। ट्रेनों की लेटलतीफी की स्पष्ट जानकारी समय पर नहीं मिलने के कारण यात्रियों को खासा परेशान होना पड़ रहा है। बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों के लिए यह स्थिति और भी कष्टदायक बन गई है।

Bilaspur बिलासपुर।
हावड़ा, मुंबई और दिल्ली से बिलासपुर आने वाली ट्रेनों की समय-सारिणी पूरी तरह गड़बड़ा गई है। स्टेशन पर यात्रियों को घंटों तक ट्रेन का इंतजार करना पड़ रहा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे सहित संबंधित जोनों की ओर से अब तक इस समस्या को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है, जिससे यात्रियों की नाराजगी लगातार बढ़ रही है।

यात्रियों का कहना है कि लंबा इंतजार करने के बावजूद उन्हें ट्रेन के विलंब की सही और अद्यतन जानकारी नहीं दी जाती। पूछताछ करने पर केवल यही बताया जाता है कि ट्रेन अपने प्रारंभिक स्टेशन से ही देर से रवाना हुई है। इस अनिश्चितता के कारण न केवल आम यात्रियों, बल्कि व्यापारिक, नौकरीपेशा और पढ़ाई के लिए सफर करने वालों की दिनचर्या भी प्रभावित हो रही है। सोशल मीडिया पर भी यात्रियों की शिकायतें सामने आ रही हैं, लेकिन फिलहाल रेलवे प्रशासन की ओर से सुधार के संकेत नहीं दिख रहे हैं।

समय पर सूचना नहीं मिलने के कारण यात्रियों को स्टेशन पहुंचने के बाद कड़ाके की ठंड में ट्रेन का इंतजार करना पड़ता है। “अब थोड़ी देर में आ जाएगी” की स्थिति में यात्री प्लेटफॉर्म पर ही जमे रहते हैं। कई ट्रेनों के एक साथ लेट होने से स्टेशन पर यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है, जिससे बैठने तक की जगह नहीं मिल पाती। ठंड के मौसम में इसका सबसे ज्यादा असर बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है।

जानिए कौन-सी ट्रेन कितनी देर से पहुंची:–
• पुरी–योगनगरी ऋषिकेश उत्कल एक्सप्रेस दोपहर 2:20 बजे के बजाय रात 9:00 बजे बिलासपुर पहुंची।
• हावड़ा–सीएसटीएम मेल सुबह 6:50 बजे की जगह 11:10 बजे पहुंची।
• शालीमार–उदयपुर सिटी एक्सप्रेस सुबह 7:05 बजे के बजाय शाम 5:20 बजे स्टेशन पहुंची।
• शालीमार–एटीटीटी ज्ञानेश्वरी सुपरडीलक्स सुबह 7:40 बजे की जगह दोपहर 1:24 बजे पहुंची।
• हावड़ा–पुणे आजाद हिंद एक्सप्रेस सुबह 9:00 बजे की बजाय दोपहर 1:10 बजे पहुंची।
• उत्कल एक्सप्रेस सुबह 9:00 बजे के बजाय दोपहर 2:22 बजे बिलासपुर स्टेशन पहुंची।
• सांतरागाछी–पोरबंदर कवि गुरु एक्सप्रेस सुबह 9:15 बजे की जगह रात 9:07 बजे पहुंची, यानी करीब 12 घंटे की देरी।
• हावड़ा–अहमदाबाद सुपरफास्ट एक्सप्रेस सुबह 11:40 बजे के बजाय शाम 5:16 बजे जोनल स्टेशन पहुंची।

लगातार हो रही देरी और सही जानकारी के अभाव में यात्रियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। यात्रियों की मांग है कि रेलवे प्रशासन ट्रेनों के वास्तविक समय की जानकारी समय पर उपलब्ध कराए, ताकि लोगों को घंटों स्टेशन पर भटकना न पड़े।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Live Cricket Info

Be the first to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published.


*


This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.