15 बैठकों में पारित हुआ बजट और कई अहम विधेयक, सफल समापन पर मुख्यमंत्री ने जताया आभार

रायपुर, 20 मार्च 2026। विष्णु देव साय ने विधानसभा के बजट सत्र के सफल समापन पर सभी जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को धन्यवाद देते हुए इसे सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया। विधानसभा स्थित उनके कार्यालय में मंत्री और विधायकों ने उनसे भेंट कर बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण मंच पर सभी के समन्वय और सहयोग से सत्र सार्थक और परिणामकारी रहा। उन्होंने विधानसभा को लोकतांत्रिक मूल्यों का पावन मंदिर बताते हुए कहा कि इन मूल्यों को सशक्त बनाना ही सदन का मूल दायित्व है।
उन्होंने जानकारी दी कि सत्र के दौरान कुल 15 बैठकें आयोजित हुईं, जिसमें वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट पारित किया गया। साथ ही राज्यपाल के अभिभाषण पर सदन ने कृतज्ञता ज्ञापित की। सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयक भी पारित हुए, जिनमें छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्र्य विधेयक-2026, नगर एवं ग्राम निवेश (संशोधन) विधेयक-2026, गृह निर्माण मंडल (संशोधन) विधेयक-2026 तथा भर्ती परीक्षाओं में नकल रोकने और कर्मचारी चयन मंडल से जुड़े विधेयक शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि इस दौरान लगभग 585 आत्मसमर्पित नक्सलियों ने भी विधानसभा की कार्यवाही देखी, जिसे उन्होंने एक प्रेरणादायक पहल बताया। उनके अनुसार, यह कदम भटके हुए युवाओं को मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
सत्र के संचालन को लेकर मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष रमन सिंह के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ पर प्रसन्नता जताई और कहा कि अस्वस्थता के बावजूद उन्होंने डिजिटल माध्यम से कार्यवाही पर नजर बनाए रखी।
इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, मंत्रिपरिषद के सदस्यों, सभी विधायकों, विधानसभा सचिव दिनेश शर्मा, सुरक्षा कर्मियों और अधिकारियों-कर्मचारियों के योगदान की भी सराहना की गई।
मुख्यमंत्री ने मीडिया की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि सदन की कार्यवाही और जनहित के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने में पत्रकारों ने अहम योगदान दिया।
अंत में उन्होंने चैत्र नवरात्रि के अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए राज्य में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

Live Cricket Info


