
एसडीएम और साथियों की मारपीट में एक किसान की मौत,
BalrampurNews:-बलरामपुर के कुसमी ब्लॉक में अवैध बॉक्साइट उत्खनन रोकने के दौरान एसडीएम और उनके साथ गए प्राइवेट लोग तीन ग्रामीणों पर लाठी-डंडों से हमला कर बैठे। इस मारपीट में 62 वर्षीय रामनरेश राम की मौत हो गई, जबकि 60 वर्षीय अजीत उरांव और 20 वर्षीय आकाश अगरिया गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। पुलिस ने एसडीएम करुण डहरिया, नायब तहसीलदार पारस शर्मा और अन्य प्राइवेट लोगों को हिरासत में ले लिया है।
BalrampurNews:-बलरामपुर–रामानुजगंज जिले के कुसमी ब्लॉक के हंसपुर गांव में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात लगभग 2 बजे एक गंभीर घटना हुई। आरोप है कि अवैध बॉक्साइट उत्खनन की जांच के लिए पहुंचे कुसमी एसडीएम करुण डहरिया ने प्राइवेट गाड़ी में कुछ निजी व्यक्तियों को साथ लिया और तीन ग्रामीणों पर हमला कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों और घायल ग्रामीणों के अनुसार, रामनरेश राम, अजीत उरांव और आकाश अगरिया अपने गेहूं के खेत में पानी देने जा रहे थे। लौटते समय एसडीएम और उनके साथ गए प्राइवेट लोगों ने उन्हें रोककर बिना किसी औपचारिक पूछताछ के लाठियों, डंडों और पिटाई से घायल कर दिया। घायल ग्रामीणों को कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां 62 वर्षीय रामनरेश राम की इलाज के दौरान मौत हो गई। अजीत उरांव और आकाश अगरिया गंभीर रूप से घायल हैं और उनका इलाज जारी है।
सूत्रों का कहना है कि घटना के बाद एसडीएम ने सामरी के नायब तहसीलदार पारस शर्मा को फोन कर बुलवाया, ताकि यह दिखाया जा सके कि पूरी टीम अवैध उत्खनन की जांच के लिए गई थी।
पुलिस कार्रवाई
एसपी वैभव बैंकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यदि आरोप सही पाए गए, तो किसी भी अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने कुसमी एसडीएम करुण डहरिया, नायब तहसीलदार पारस शर्मा और प्राइवेट लोगों को हिरासत में लेकर राजपुर थाने में रखा है।
राजनीतिक प्रतिक्रिया
घटना के बाद कांग्रेस और भाजपा में बयानबाजी तेज हो गई है।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने इसे ‘प्रशासनिक आतंकवाद’ करार देते हुए सोशल मीडिया पर लिखा कि भाजपा के शासन में भ्रष्टाचार और प्रशासनिक दमन के चलते एक मासूम ग्रामीण की जान चली गई। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों को उनके खेत में सिंचाई करते समय अवैध उत्खनन का आरोप लगाकर पीटा गया।
वहीं भाजपा प्रवक्ता और राजनांदगांव सांसद संतोष पांडे ने कहा कि मामले की जांच चल रही है और पूरी स्थिति स्पष्ट होने के बाद ही बयान देना उचित होगा।
विवादित रही हैं एसडीएम करुण एसडीएम करुण डहरिया पहले भी विवादों में रहे हैं। जांजगीर-चांपा में एक छात्र को थप्पड़ मारने का मामला सामने आया था। इसके अलावा, गरियाबंद में नलकूप खनन बिल पास करने के दौरान रिश्वत लेते हुए एसीबी ने उन्हें गिरफ्तार किया था।
Live Cricket Info



Leave a Reply