कटघोरा में ज्वेलरी शॉप में लूट की कोशिश नाकामः महिला के भेष में पहुंचे हथियारबंद बदमाश, सी सी टी वी में कैद हुई घटना, देखें वीडियो

कोरबा 01 जुलाई। कोरबा जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छुरी में बुधवार दोपहर एक ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े लूट की कोशिश से इलाके में सनसनी फैल गई। तीन नकाबपोश हथियारबंद बदमाशों ने राज ज्वैलर्स में घुसकर लूटपाट का प्रयास किया, लेकिन दुकान संचालक के साहस और विरोध के चलते उनकी योजना पूरी तरह सफल नहीं हो सकी। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

महिला के भेष में पहुंचे थे बदमाश
जानकारी के अनुसार, दोपहर करीब एक बजे तीन बदमाश ग्राहक बनकर दुकान में पहुंचे। इनमें से एक आरोपी महिला के भेष में सलवार-सूट पहनकर आया था, ताकि किसी को उन पर संदेह न हो। आरोपियों ने सोने की अंगूठी दिखाने के बहाने दुकान संचालक को बातचीत में उलझाया और अचानक उनकी आंखों में मिर्च पाउडर झोंक दिया।

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

कट्टा और चाकू दिखाकर लूट की कोशिश
मिर्च पाउडर फेंकने के बाद बदमाशों ने कट्टा और चाकू की नोक पर दुकान में रखे जेवरात लूटने का प्रयास किया। इस दौरान दुकान संचालक राजकुमार अग्रवाल ने उनका डटकर विरोध किया। हाथापाई के दौरान एक बदमाश ने चाकू से हमला किया, जबकि संचालक को दांत से काटने की भी जानकारी सामने आई है।

  आत्मसमर्पित 95 नक्सलियों को 1.40 करोड़ रुपये से अधिक की प्रोत्साहन राशि, मुख्यमंत्री की पहल से पुनर्वास को मिल रही गति

भागते समय छोड़ गए कट्टा और बाइक
दुकान संचालक और कर्मचारियों के विरोध के कारण बदमाश घबरा गए और जल्दबाजी में मौके से फरार हो गए। भागते समय वे अपना एक कट्टा और प्लेटिना मोटरसाइकिल मौके पर ही छोड़ गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आरोपी कुछ आर्टिफिशियल (नकली) ज्वेलरी लेकर भागने में सफल रहे, जबकि बड़ी लूट की वारदात टल गई।

पुलिस ने की नाकेबंदी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही टीम
घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से मिले कट्टे और बाइक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। वहीं दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से छुरी और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है।

Live Cricket Info