CG Yuktiyuktkarany युक्तियुक्तकरण पश्चात पदांकन वाले स्कूलों में तीन दिनों में करना होगा ज्वाइन,डीपीआई ने जारी किया आदेश

Raipur रायपुर। आज प्रदेश भर में अधिशेष शिक्षकों की काउंसलिंग पूरी हो जाएगी। काउंसलिंग पश्चात अतिशेष शिक्षकों को नए स्कूलों में पदस्थापना आदेश जारी हो जाएगा। नए पदांकन वाले स्कूलों में तीन दिनों में ज्वाइन करने  का आदेश डीपीआई ने जारी किया है।

प्रदेश भर के स्कूलों और शिक्षकों का युक्तियुक्तकरण किया जा रहा है। अब तक सिर्फ मुंगेली जिले में युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया संपन्न हो पाई है। आज सभी जिलों में यह संपन्न हो जाएगी। अतिशेष शिक्षकों को नए स्कूलों के लिए पोस्टिंग आदेश भी जारी हो जाएगा।   युक्तियुक्तकरण  पदस्थापना आदेश पश्चात कार्यभार ग्रहण करने के लिए डीपीआई ऋतुराज रघुवंशी ने आदेश जारी किया है। आदेश के अनुसार पदस्थापना आदेश जारी होने के तीन दिनों में नव पदांकित स्कूल में कार्यभार ग्रहण करना होगा।

इसके लिए डीपीआई ऋतुराज रघुवंशी ने सभी संभागीय संयुक्त संचालक और समस्त जिला शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी किया है। जारी आदेश में लिखा है कि जिला स्तरीय समिति एवं संभागीय संयुक्त संचालकों द्वारा युक्तियुक्तकरण के पश्चात पदस्थापना आदेश जारी किए जाने हैं। समस्त जिला शिक्षा अधिकारी एवं संभागीय संयुक्त संचालक यह सुनिश्चित करें कि संबंधित शिक्षक दिन दिवस के भीतर नवीन पदांकित  संस्था में कार्यभार ग्रहण कर लेवे।  10 जून तक कार्यभार ग्रहण संबंधी जानकारी निर्धारित प्रारूप में डीपीआई ने मांगी है।

निर्धारित प्रारूप में संभाग का नाम, जिला का नाम, पदनाम, युक्तियुक्तकरण शिक्षकों की संख्या, कार्यभार ग्रहण करने वाले शिक्षकों की संख्या की जानकारी मांगी गई है। बता दे कि कई कलेक्टरों ने युक्तियुक्तकरण के लिए समय सीमा बढ़ाए जाने की मांग की थी। पर इसके लिए साफ इनकार करते हुए चेतावनी दी गई कि  जिन जिलों में युक्तियुक्त करण की प्रक्रिया निर्धारित अवधि तक नहीं पूरी होगी,उन जिलों की फाइल  सीधे मुख्यमंत्री  को भेजी जाएगी और संबंधित जिलों के कलेक्टर मुख्यमंत्री के पास ही आकर जवाब देंगे। चूंकि अभी स्कूल शिक्षा विभाग मुख्यमंत्री के पास है इसलिए कलेक्टरों की बोलती बंद हो गई है। कई कलेक्टरों ने कल से ही डीईओ कार्यालयों में डेरा डाल दिया था और युक्तियुक्तकरण की प्रक्रिया पूरी करवाने में जुटे थे।

दूसरी तरफ कांग्रेस ने भी युक्तियुक्तकरण के विरोध में सड़क पर उतर कर विरोध करने का निर्णय लिया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज ने एलान किया है कि 5,6,7 जून को कांग्रेस प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में प्रेस कांफ्रेंस करेगी। शिक्षकों ने भी युक्ति युक्तकरण में नियमों के उल्लंघन का आरोप लगा हाईकोर्ट में याचिका लगाई है।

Advertisement Carousel

WhatsApp Channel Join Now
Telegram Channel Join Now

Live Cricket Info